उदयपुर हत्याकांड को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। यहां हिंदू संगठनों के लोगों ने हत्याकांड के विरोध में भारी संख्या में सड़कों पर उतरकर विरोध जताया है। लोगों का मार्च करते हुए कलेक्टोरेट पर जाने का प्रोग्राम है। इसी बीच एक बड़ी खबर आई है कि उदयपुर में दिल्ली गेट चौराहे पर समुदाय विशेष की दुकानों से पत्थरबाजी हुई है। बताया जा रहा है कि प्रोटेस्ट कर रहे लोगों पर पत्थर चलाए गए हैं। इस पथराव के बाद हंगामा हो गया है। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गौरतलब है कि उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या से पूरे देश में उबाल है। हत्यारों ने पूरी वारदात का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर डाल दिया था। इस घटना के बाद राजस्थान में तनाव का माहौल है। राज्य में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा भी निलंबित की गई, इस पूरे मसले की जांच की कमान राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA ने अपने हाथ में ले ली है। पुलिस हालात को कंट्रोल करने में जुटी हुई है। गौरतलब है कि दर्जी कन्हैयालाल की दो युवकों ने नृशंस हत्या कर दी थी। उसके बाद का हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था।
रैली के बाद कलेक्टोरेट में ज्ञापन सौंपकर वापस रैली में शामिल लोग जा रहे थे, तभी पथराव की घटना हुई है। लोगों ने ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पत्थरबाजी की कोई घटना नहीं हुई है।इस बीच खबर है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज कन्हैयालाल के परिवार से मुलाकात करेंगे। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विशेष विमान से गुरुवार दोपहर करीब एक बजे उदयपुर पहुंचेंगे और दर्जी के परिजनों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ राजस्थान के गृह राज्य मंत्री राजेन्द्र यादव, मुख्य सचिव ऊषा शर्मा सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। उदयपुर हत्याकांड में शामिल दोनों आरोपियों के घर की तलाशी लेकर उनके कमरे सीज कर दिए गए हैं। हत्या में शामिल दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई बातें सामने आई हैं।
घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया
उदयपुर की घटना पर राजस्थान CM अशोक गहलोत ने आगे कहा कि इस घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। जिस तरह से हत्या की गई वो जघन्य अपराध है। हमने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुजरिमों को पकड़ लिया। रात भर में पता लगा लिया गया कि इनका अंतराष्ट्रीय संगठनों से संबंध था.
लोगों ने सड़कों पर आकर उदयपुर हत्याकांड का विरोध किया
आपको बता दें कि राजस्थान में बड़ी संख्या में लोगों ने सड़कों पर आकर उदयपुर हत्याकांड का विरोध किया। 28 जून को दो लोगों ने दर्ज़ी कन्हैया लाल का सिर काट दिया था। उन्होंने भाजपा से निलंबित नूपुर शर्मा के बयान का कथित रूप से समर्थन करते हुए ऑनलाइन पोस्ट किया था। इससे पहले उदयपुर घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मैं प्रदेशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि अपराधी किसी भी धर्म या समुदाय का हो उसे बख्शा नहीं जाएगा।”







