बिहार में सत्ताधारी जेडीयू और बीजेपी के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। हाल के दिनों में कई ऐसे प्रकरण हुए जिससे सत्ताधारी गठबंधन के दोनों घटक के बीच विवाद बढ़ा है। विधानसभा स्पीकर के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के व्यवहार से बीजेपी के नेता व विधायक काफी आहत हैं। इसी बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच मीटिंग के बाद अब चर्चा तेज हो गई है कि नीतीश कैबिनेट में BJP कोटे के मंत्रियों का बदलाव तो नहीं होगा?
बताया जाता है कि केंद्रीय नेतृत्व का संदेशा लेकर नित्यानंद राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की है। हालांकि मुलाकात को गृह राज्य मंत्री ने होली की शुभकामना देने भर बताया है। राजनीतिक जानकर बताते हैं कि यह मुलाकात सामान्य नहीं बल्कि बड़े बदलाव की ओर इशारा कर रहा।
बीजेपी और जेडीयू की ओर से इस मुलाकात को होली के अवसर पर औपचारिक बताया जा रहा है, राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की अटकलें भी तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बेहद खास नित्यानंद राय किसी खास मकसद से सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात करने आए थे।
सियासी गलियारे से जो जानकारी निकल कर सामने आई है वह यह कि मुलाकात किसी खास प्रायोजन को लेकर थी। 20 मार्च की शाम गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से करीब 1 घंटे 15 मिनट तक बातचीत हुई है। आधे घंटे तक दोनों नेता अकेले में बातचीत करते रहे। इसके बाद फिर नीतीश कुमार के विश्वस्त नेता विजय चौधरी आए।इसके बाद तीनों नेताओं की संयुक्त बातचीत हुई। यह बातचीत रविवार शाम 7:00 बजे से करीब 8:15 तक हुई।
क्यों चर्चा में है नित्यानंद राय और नीतीश की मुलाकात
पिछले दो-तीन साल की बिहार की राजनीति पर नजर डालें तो पता चलता है कि एकाध ही ऐसे मौके हैं जब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की मुलाकात हुई हो। यहां तक कि 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी दोनों नेताओं ने एक बार भी मंच साझा नहीं किया था।
इसकी अहम वजह यह मानी जाती है कि बीजेपी बिहार में जब भी अपना मुख्यमंत्री देगी तब वह नित्यानंद राय के चेहरे पर भरोसा जता सकती है। 2020 बिहार विधानसभा चुनाव रिजल्ट के बाद नित्यानंद राय ने सरकार गठन में जिस तरह से सक्रियता दिखाई थी उस वक्त भी ये चर्चा चली थी कि बीजेपी उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंप सकती है।







