बिहार पंचायत चुनाव के 8वें चरण की सीटों पर मतगणना शुरू हो गई है। आज यानी शुक्रवार को 36 जिलों के 55 प्रखंडों की 822 पंचायतों के प्रतिनिधियों के किस्मत का पिटारा खुलेगा। यहां 24 नवंबर को वोटिंग हुई थी। इस चरण के 3,356 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। वहीं, 166 पदों पर किसी भी प्रत्याशी के नामांकन नहीं करने की वजह से यह पद खाली रह गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 8वें चरण में 92 हजार 376 उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें 66 लाख 55 हजार 233 मतदाताओं ने मतदान किया था। इनमें 31 लाख 52 हजार 763 महिला मतदाता, जबकि 35 लाख 2 हजार 260 पुरुष मतदाता थे। इस चरण में वोटरों के लिए कुल 11 हजार 527 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
मतगणना अपडेट्स…
- रोहतास के कोचस प्रखंड के 14 पंचायत और डिहरी प्रखंड के 13 पंचायतों में मतगणना शुरू।
- नालंदा के हरनौत के 16 और सरमेरा के 8 पंचायतों में मतगणना शुरू।
- बक्सर में आठवें चरण के चौसा प्रखंड में मतगणना शुरू।
49, 573 महिला उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला
इनमें ग्राम पंचायत सदस्य पद की संख्या 11 हजार 173 है। ग्राम पंचायत मुखिया के 1135 पद, पंचायत समिति सदस्य के लिए 821, जिला परिषद सदस्य के 124 पद, ग्राम कचहरी सरपंच के 1135 पद और ग्राम कचहरी पंच के 11 हजार 173 पदों के लिए चुनाव हुआ। वहीं, 92 हजार 376 उम्मीदवारों में से 42 हजार 803 पुरुष और 49 हजार 573 महिला उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।