RJD सुप्रीमो लालू यादव की तबीयत बिगड़ी है। शुक्रवार को उन्हें इलाज के लिए पटना के IGIMS लाया गया। उनके साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती और बड़े बेटे तेजप्रताप साथ में थे।लालू यादव ने आईजीआईएमएस में अपनी आंख का चेकअप कराया। उनकी आंखों की जांच HOD डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने की। इसके बाद उनका ईसीजी किया गया। उन्हें 2 घंटे के लिए ऑब्जर्वेशन में रखा गया।मीसा भारती ने कहा कि फिलहाल वह ठीक है। लालू जी का दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा है, इसलिए आज यानी शनिवार को दिल्ली जाएंगे।
मीसा भारती ने कहा कि कौटिल्या नगर इलाके में गंदगी ज्यादा है, जिसकी वजह से उनकी तबीयत खराब हुई, लेकिन हम लोग इस बात को बोलेंगे तो लोगों को लगेगा कि हम लोग आवास के लिए रोना रो रहे हैं।
चक्कर आने के बाद इलाज के लिए IGIMS लाया गया
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो चक्कर आने के बाद उन्हें इलाज के लिए यहां लाया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है। उनकी सेहत को लेकर अधिक जानकारी मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मई में रूटीन चेकअप के लिए गए थे सिंगापुर
बता दें कि लालू यादव पोस्ट ट्रांसप्लांट रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए 2 महीने पहले सिंगापुर गए थे। दिल्ली की अदालत से विदेश यात्रा की अनुमति मिली थी। तेजस्वी यादव ने बताया था कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद डॉक्टरों ने उनको हर तीन महीने पर रूटीन चेकअप की सलाह दी थी, लेकिन पिछले करीब एक साल से नियमित जांच नहीं हो पाई थी। उनकी आंख का ऑपरेशन भी हुआ था और उन्हें आंखों से जुड़ी परेशानी बनी हुई थी।
7 महीने पहले दिल्ली में हुआ था आंख का ऑपरेशन
दिसंबर 2025 में आंखों की जांच के दौरान डॉक्टरों ने उनकी आंखों में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) और रेटिना से जुड़ी समस्या पाई थी। इसके बाद दिल्ली के एक निजी नेत्र अस्पताल में वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञों की देखरेख में उनकी कैटरेक्ट और रेटिना की सर्जरी की गई। डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और सर्जरी के बाद उनकी स्थिति सामान्य रही। उन्हें कुछ समय आराम करने और नियमित फॉलोअप कराने की सलाह दी गई थी।
1 जुलाई को RJD के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए थे लालू
1 जुलाई को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपना 30वां स्थापना दिवस मनाया था। पटना में पार्टी ऑफिस में लालू यादव ने कार्यक्रम की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा, ‘हम लड़े हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।’इस कार्यक्रम में लालू को उठने-बैठने और चलने में थोड़ी परेशानी होती दिखी, लेकिन उनकी तबीयत ठीक थी। लालू इसके बाद भी पटना की सड़कों पर गाड़ी में सवार होकर घूमते दिखाई दिए।







