भारतीय राजनीति में परिवार आधारित नेतृत्व कोई नई बात नहीं है. तमिलनाडु में एम. के स्टालिन (M. K. Stalin) और उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन (Udhayanidhi Stalin) की भूमिका हो या बंगाल में ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के साथ अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) का उभरता कद हो- इन सभी उदाहरणों में विरासत और संगठन का मिलाजुला रूप दिखता है. लेकिन हाल में पांच राज्यों में आए चुनाव परिणामों और वर्तमान चुनावी माहौल ने यह संकेत दिया है कि मतदाता अब केवल विरासत के आधार पर नहीं, बल्कि प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता के आधार पर भी निर्णय ले रहे हैं.
दरअसल, भारतीय राजनीति के समकालीन परिदृश्य में साल 2026 के विधानसभा चुनाव के परिणामों ने एक ऐसी लकीर खींच दी है, जिसने उत्तर से दक्षिण तक ‘विरासत’ के सिंहासन को हिलाकर रख दिया है. तमिलनाडु में एमके स्टालिन (DMK) की विदाई और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी (TMC) की हार महज दो राज्यों की सत्ता का परिवर्तन नहीं है, बल्कि यह उस राजनीतिक शैली की विफलता का संकेत है जहां सत्ता की चाबी परिवार या अघोषित उत्तराधिकारियों के हाथ में सिमटी होती है. इस चुनावी भूकंप के झटके अब बिहार की धरती पर भी महसूस किए जा रहे हैं, जहां तेजस्वी यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के राजनीतिक भविष्य पर नई बहस छिड़ गई है. इसी कड़ी में यूपी के अखिलेश यादव का भी नाम आता है.
बंगाल-तमिलनाडु का संदेश: ‘युवराज’ जीत की गारंटी नहीं
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की हार की सबसे बड़ी वजहों में उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी की बढ़ती भूमिका को माना जा रहा है. रणनीतिकारों का मानना है कि अभिषेक को अघोषित उत्तराधिकारी के रूप में पेश करने से पार्टी के पुराने नेताओं और जनता के बीच एक ‘अहंकार’ का संदेश गया. ठीक यही स्थिति तमिलनाडु में रही, जहां एमके स्टालिन ने अपने बेटे उदयनिधि स्टालिन को सत्ता के शीर्ष के करीब लाकर खड़ा कर दिया था. जनता ने इन दोनों राज्यों में ‘वंशवाद’ के मुकाबले विकल्प को चुना. यह संदेश साफ है कि मतदाता अब केवल पिता या बुआ के नाम पर मुहर लगाने को तैयार नहीं है.
तेजस्वी यादव के सामने ‘विरासत’ का संकट
बिहार की राजनीति में तेजस्वी यादव वर्तमान में विपक्ष का सबसे बड़ा चेहरा हैं. उन्होंने 2020 और उसके बाद के चुनावों में खुद को लालू प्रसाद यादव की परछाई से अलग एक ‘युवा नेता’ के रूप में स्थापित करने की कोशिश की. लेकिन बंगाल और तमिलनाडु के नतीजों ने उनकी रणनीति पर सवालिया निशान लगा दिया है. यदि ममता और स्टालिन जैसे कद्दावर नेता अपने उत्तराधिकारियों के बोझ तले दब सकते हैं, तो तेजस्वी के लिए अपनी पारिवारिक विरासत (राजद) को बचाए रखना एक कठिन चुनौती होगी. राजनीतिक दृष्टि से विशेष बात यह कि उनके लिए अब केवल ‘सामाजिक न्याय’ का पुराना नारा काफी नहीं है; उन्हें यह साबित करना होगा कि उनकी राजनीति परिवार की चारदीवारी से बाहर निकलकर आम कार्यकर्ता के पसीने की कद्र करती है.
नीतीश के निशांत: नई उम्मीद या नया जोखिम?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब तक अपने परिवार को राजनीति से दूर रखने के लिए जाने जाते रहे हैं . हालांकि, हाल के महीनों में उनके बेटे निशांत कुमार की सक्रियता और जदयू के भीतर से उन्हें राजनीति में लाने की उठती मांग ने सबको चौंका दिया है. लेकिन बंगाल में अभिषेक बनर्जी की असफलता ने नीतीश कुमार के सामने एक ‘रेड सिग्नल’ खड़ा कर दिया है. यदि नीतीश अपने कार्यकाल के अंतिम दौर में बेटे को राजनीति में लॉन्च करते हैं, तो उन पर भी वही ‘परिवारवाद’ का लेबल लगेगा जिससे वे अब तक बचते रहे हैं. बिहार का युवा मतदाता, जो बेरोजगारी और विकास को देख रहा है, वह किसी नए ‘राजकुमार’ को आसानी से स्वीकार करेगा, इसमें बड़ा संदेह है.
अखिलेश यादव: साख बचाने की जद्दोजहद
बिहार से सटे उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव भी इसी कसौटी पर हैं. मुलायम सिंह यादव के उत्तराधिकारी के तौर पर उन्होंने पार्टी को नई दिशा देने की कोशिश तो की, लेकिन परिवारवाद का साया उनसे कभी अलग नहीं हुआ. तमिलनाडु में स्टालिन की हार अखिलेश के लिए एक सबक है कि यदि संगठन के भीतर केवल एक परिवार का वर्चस्व रहेगा तो जमीनी कार्यकर्ता और मतदाता दोनों छिटक सकते हैं.
योग्यता बनाम विरासत का सियासी संघर्ष
भारतीय राजनीति का नया ट्रेंड अब ‘परफॉर्मेंस’ और ‘पहुंच’ पर आधारित है. ममता बनर्जी और स्टालिन की हार ने यह साफ कर दिया है कि जनता अब ‘राजनीतिक वसीयत’ को खारिज कर रही है. बिहार की राजनीति के लिए यह एक टर्निंग पॉइंट है. तेजस्वी यादव हो या निशांत कुमार, या फिर यूपी में अखिलेश यादव- इन सभी के लिए आने वाला समय अग्निपरीक्षा जैसा है. इन्हें यह समझना होगा कि राजनीति में अब ‘सरनेम’ से ज्यादा ‘सिग्नेचर’ (काम की पहचान) मायने रखता है. ऐसे में अब तेजस्वी, अखिलेश या निशांत जैसे नेताओं को खुद को एक जननेता के रूप में साबित करना होगा, न कि केवल एक उत्तराधिकारी के रूप में.







