जिसका इंतजार था, वो घड़ी आ गई. पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में किसकी सरकार बनेगी, इसके संकेत मिलने लगे हैं. आज यानी 4 मई को पश्चिम बंगार, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती जारी है. पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझान आ रहे हैं. शुरुआती रुझानों में बंगाल में टीएमसी और भाजपा के बीच टाइट फाइट दिख रही है. असम चुनाव रिजल्ट के ट्रेंड में भाजपा काफी आगे चल रही है. वहीं पुडुचेरी में भी भाजपा का दबदबा दिख रहा है. केरल में एलडीएफ और यूडीएफ में बराबरी का मुकाबला है. यहां ध्यान देने वाली बात है कि ये शुरुआती रुझान हैं. दोपहर बाद तक नतीजों की तस्वीर साफ होगी. इस तरह पश्चिम बंगाल हो या केरल… हर जगह फाइट बहुत टाइट है. इसकी झलक एग्जिट पोल के नतीजों ने दिखा दी है. पश्चिम बंगाल में टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी, असम में बीजेपी के हिमंत बिस्वा सरमा, तमिलनाडु में एमके स्टालिन, केरल में लेफ्ट के पिनराई विजयन और पुडुचेरी में एन रंगास्वामी का सियासी भविष्य दांव पर है. फिलहाल, मतगणना जारी है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है. तो चलिए जानते हैं विधानसभा चुनाव रिजल्ट लाइव.
पश्चिम बंगाल से केरल तक टाइट फाइट
बहरहाल, आज यानी 4 मई 2026 को नतीजे तो पांच राज्यों के आ रहे हैं. इनमें हैं पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी. मगर सबसे अधिक नजर देश और दुनिया की बंगाल पर है. बंगाल में एग्जिट पोल भाजपा के पक्ष में रहे हैं. अब ऐसे में दिखने वाली बात है कि ये एग्जिट पोल रिजल्ट की भविष्यवाणी सही साबित होती है या नहीं. फिलहाल, पश्चिम बंगाल में इस बार कुछ भी हो सकता है. एग्जिट पोल ने भाजपा की सरकार की भविष्यवाणी की है. इसका मतलब है कि एग्जिट पोल सही साबित होते हैं तो ममता बनर्जी को झटका लग सकता है. केरल में पिछले दस साल से एलडीएफ की सरकार है. एग्जिट पोल की मानें तो कांग्रेस नीत यूडीएफ इस बार सत्ता में आ सकता है. वहीं, असम की बात करें तो यहां फिर से भाजपा का ही भगवा झंडा लहरा सकता है. यहां भी मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है.
किस राज्य में कितनी सीटों पर नतीजे आ रहे हैं.
- पश्चिम बंगाल: 293 सीटें (कुल सीट 294, मगर एक सीट पर नतीजे अभी नहीं आएंगे.)
- तमिलनाडु: 234 सीटें
- असम: 126 सीटें
- केरल: 140 सीटें
- पुडुचेरी: 30 सीटें
असम चुनाव रिजल्ट: असम में 126 विधानसभा सीटों के नतीजे आज आ रहे हैं. असम में 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला हो रहा है. असम विधानसभा चुनाव परिणाम के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है. सभी 35 जिलों के 40 मतगणना केंद्रों पर काउंटिंग हो रही है. उम्मीदवारों में 59 महिलाएं हैं. नगांव जिले में मतगणना तीन अलग-अलग केंद्रों पर होगी, जबकि कोकराझार, तिनसुकिया और जोरहाट में दो-दो केंद्रों पर मतगणना होगी.
बंगाल चुनाव रिजल्ट : पश्चिम बंगाल में एक महीने तक विधानसभा चुनाव के लिए धुआंधार प्रचार के बाद अब सबकी नजरें सोमवार को हो रही मतगणना पर टिकी हैं. राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले हर व्यक्ति के जेहन में फिलहाल एक ही सवाल है कि क्या तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सत्ता बरकरार रख पाएगी या फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ऐतिहासिक जीत हासिल करके पहली बार राज्य में अपनी सरकार बनाएगी. बंगाल में 77 केंद्रों पर मतगणना हो रही है. कड़े सुरक्षा इंतजामों और गरमाए राजनीतिक माहौल के बीच 294 सदस्यों वाली विधानसभा की 293 सीट के परिणाम घोषित किए जा रहे हैं.
कहां चुनाव रद्द? भारत निर्वाचन आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी का हवाला देते हुए चुनाव रद्द कर दिया. इस सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होगा जबकि मतगणना 24 मई को होगी. राज्य में दो चरण में हुआ चुनाव 29 अप्रैल को संपन्न हुआ. निर्वाचन आयोग के अनुसार, स्वतंत्रता के बाद बंगाल में इस बार सबसे अधिक 92.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
विधानसभा चुनाव पर चुनाव आयोग का क्या अपडेट
पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव रिजल्ट को लेकर अभी चुनाव आयोग की वेबसाइट पर कोई अपडेट नहीं है. भले ही सभी टीवी चैनल्स शुरुआती रुझानों के आंकड़े बता रहे हों, मगर चुनाव आयोग की तरफ से अभी तक कोई रुझान सामने नहीं आया है. चुनाव आयोग काफी सटीक और आधिकारि आंकड़े ही देता है. ऐसे में उसके ट्रेंड्स और रिजल्ट में काफी देरी होने की संभावना है
बंगाल में ममता को झटका, सुवेंदु भवानीपुर से आगे
पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी को डबल खुशखबरी मिली है. भाजपा के सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से अब आगे चल रहे हैं. इसका मतलब है कि सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को पछाड़ दिया है. अभी बंगाल में 220 सीटों के रुझान आ चुके हैं. अभी टीएमसी 107 और भाजपा 108 सीटों पर आगे है. कांग्रेस महज 5 सीटों पर आगे चल रही है. मतलब बंगाल में कुछ भी हो सकता है. पश्चिम बंगाल में 293 सीटों पर नतीजे आ रहे हैं.
पुडुचेरी में भाजपा को खुशखबरी, एनडीए को मिला बहुत
पुडुचेरी विधानसभा चुनाव रिजल्ट में एनडीए को बड़ी खुशखबरी मिली है. पुडुचेरी के रुझानों में भाजपा नीत एनडीए को बहुमत मिल गया है. पुडुचेरी में भाजपा 22 सीटों पर आगे है और कांग्रेस 6 सीटों पर आगे. बता दें कि पुडुचेरी में 29 सीटों पर वोटों की गिनती हो रही है.
पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में कौन कहां-कितनी सीटों पर आगे-पीछे चल रहा है. चलिए रुझानों से समझते हैं कि कहां-किसकी सरकार बनती दिख रही है.
बंगाल:
टीएमसी- 106
भाजपा- 100
कांग्रेस- शून्य
तमिलनाडु
डीएमके- 51
एआईडीएमके- 21
टीवीके-8
केरल
एलडीएफ- 59
यूडीएफ- 52
एनडीए- 2
असम
बीजेपी- 62
कांग्रेस- 9
पुडुचेरी
भाजपा प्लस- 22
कांग्रेस प्लस- 6