बिहार की सियासत में बीजेपी का ‘माइंड गेम’ और नीतीश की टेंशन अब खुलकर सामने आ रही है. हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी के बयान के बाद अब नीतीश कुमार के बेटे निशांत अब मैदान में उतर आए हैं. उन्होंने पापा का बचाव करते हुए साफ किया नीतीश कुमार ही सीएम होंगे. उनकी तबीयत भी बिल्कुल ठीक है. इसे नायब सिंह सैनी और सम्राट चौधरी को जवाब माना जा रहा है.
बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख बीजेपी नेता ‘माइंड गेम’ खेलने लगे हैं. सीएम पद पर दावेदारी ठोक रहे हैं. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तो यहां तक कह दिया, ‘हमारी विजय यात्रा हरियाणा से शुरू हुई है और यह बिहार तक जारी रहेगी. बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विजय का झंडा फहराया जाएगा.’ उनके इस बयान का मतलब निकाला गया कि बीजेपी सम्राट चौधरी पर दांव खेलने जा रही है. अब पापा नीतीश कुमार के बचाव में खुद खुद निशांत उतर आए हैं. उन्होंने साफ कहा कि पापा बिल्कुल स्वस्थ हैं और वे ही सीएम बनेंगे. क्या निशांत का बयान सम्राट चौधरी को जवाब है?
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बयान पर राजद-कांग्रेस ने जमकर चुटकी ली थी. माना गया कि एनडीए के भीतर नीतीश कुमार की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, एनडीए के कई नेताओं ने समय-समय पर यह दोहराया है कि बिहार में चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा. खुद गृहमंत्री अमित शाह भी न्यूज18 के राइजिंग भारत समिट में कह चुके हैं कि हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव में जा रहे हैं, इसके बावजूद अटकलों का बाजार गर्म है. नायब सिंह सैनी के बयान ने यह संदेश गया कि कि बीजेपी शायद सम्राट चौधरी को आगे लाने की रणनीति पर काम कर रही है, जिससे नीतीश और उनकी पार्टी जेडीयू में बेचैनी बढ़ गई.
निशांत का पलटवार: ‘नीतीश ही होंगे CM’
अब नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने खुलकर अपने पिता का समर्थन किया. निशांत ने कहा, ‘मेरे पिताजी पूरी तरह स्वस्थ हैं. उनकी सेहत को लेकर फैलाई जा रही अफवाहें निराधार हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सम्राट चौधरी सहित पूरा NDA नीतीश कुमार के नेतृत्व में एकजुट है. नीतीश कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे.’ निशांत का यह बयान न केवल नीतीश की सेहत को लेकर विपक्ष के दावों का जवाब है, बल्कि नायब सिंह सैनी के बयान को भी काउंटर करने की कोशिश माना जा रहा है. निशांत ने यह भी जोड़ा कि एनडीए में नीतीश के नेतृत्व पर कोई विवाद नहीं है और गठबंधन पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है.
BJP का ‘माइंड गेम’ या रणनीतिक चाल?
नायब सिंह सैनी के बयान और निशांत के जवाब ने बिहार की सियासत में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी एक सोची-समझी रणनीति के तहत नीतीश कुमार पर दबाव बना रही है. बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, ‘पार्टी नीतीश को यह संदेश देना चाहती है कि उनकी जगह कोई और भी ले सकता है. सम्राट चौधरी को आगे लाने की बात सिर्फ एक रणनीति हो सकती है, जिससे जेडीयू को गठबंधन में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए और मेहनत करनी पड़े.’ तेजस्वी यादव ने भी इसी ओर इशारा किया था. उन्होंने कहा था, बीजेपी में कौन मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहता? नीतीश कुमार को अब सिर्फ एक चेहरा बनाकर रखा गया है. जेडीयू को भी इस पर गंभीरता से सोचना चाहिए.
नायब सिंह सैनी के बयान के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्थिति को संभालने की कोशिश की. उन्होंने कहा, नीतीश कुमार ही एनडीए के नेता हैं और बिहार में अगला चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा. वह अगले कार्यकाल के लिए भी मुख्यमंत्री रहेंगे. सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि नायब सिंह सैनी का बयान केवल एनडीए की जीत के संदर्भ में था, न कि मुख्यमंत्री पद को लेकर. उधर जेडीयू नेताओं का मानना है कि निशांत का बयान सम्राट चौधरी और बीजेपी को यह संदेश देता है कि नीतीश का परिवार भी सियासत में उनकी विरासत को आगे ले जाने के लिए तैयार है.







