बिहार में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए की तरफ से चुनावी अभियान का नेतृत्व कौन करेगा इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में जदयू के वरिष्ठ नेता औरराज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने दावा किया है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा. इसपर कहीं कोई बहस नहीं है.
वहीं, शनिवार को दिल्ली रवाना होने से पहले बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि नेतृत्व का निर्णय पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर है. केंद्रीय नेतृत्व ही इसका फैसला करेगा. हालांकि उन्होंने सीएम नीतीश कुमार की प्रमुखता को स्वीकारते हुए यह भी कहा कि वैसे नीतीश को चेहरा तो है ही.
एनडीए में नेतृत्व की चर्चाओं ने पकड़ा जोर
बता दें कि दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बिहार में एनडीए के नेतृत्व को लेकर सवाल किया गया था. उनसे पूछा गया कि क्या बिहार में नीतीश कुमार एनडीए का चेहरा बनेंगे या बीजेपी बिहार में महाराष्ट्र वाला फॉर्मूला अपना सकती है. इसपर शाह ने सीधे तौर पर कुछ कहने से परहेज किया और कहा कि ऐसे मंचों से नीतिगत फैसलों की घोषणा नहीं की जाती. हम एक साथ बैठकर मुद्दे पर फैसला करेग. जब निर्णय लेंगे तो आपको बताएंगे. अमित शाह के इस बयान के बाद एनडीए में नेतृत्व को लेकर चर्चाओं ने जोर पकड़ा है.
15 जनवरी से मिशन 225 की शुरुआत
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए 15 जनवरी से मिशन 225 की शुरुआत करने वाला है. बगहा और पश्चिमी चंपारण से शुरू होने वाला यह अभियान 25 फरवरी तक चलेगा. एनडीए के सभी सहयोगी दल बूथ स्तर पर आपसी समन्वय बढ़ाते हुए पूरे प्रदेश में अभियान चलाएंगे. वहीं 22 दिसंबर और 23 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली बिहार बीजेपी बैठक में विधानसभा चुनावों को लेकर विशेष रणनीति तैयार की जाएगी.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। दिल्ली पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि 1996 से नीतीश कुमार पर भरोसा है। 2020 में नीतीश कुमार एनडीए के नेता थे। आगे भी नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही चुनाव होगा।
क्या नीतीश कुमार ही 2025 में सीएम बनेंगे? इस सवाल पर सम्राट चौधरी ने कहा कि 2020 में भी यही हुआ था। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे, आगे भी वही रहेंगे।

अरविंद केजरीवाल पर जमकर बरसे सम्राट
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर भी सम्राट चौधरी ने जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की पढ़ाई-लिखाई बिहार में ही हुई है। उनका जन्म भी बिहार में ही हुआ है। बिहार की भलाई के लिए बहुत चिंता करते हैं।
केजरीवाल जी आप रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के लिए इतना चिंतित क्यों हैं। बांग्लादेश भारत का पार्ट नहीं है। दिल्ली और पूर्वांचल के लोगों की चिंता कीजिए। जनता जानती है, दिल्ली की भलाई के लिए कौन काम कर रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत बढ़ रहा है और दिल्ली भी। यहां पानी, रोड की समस्या है। इस पर दिल्ली के पूर्व सीएम कुछ नहीं बोल रहे हैं। उनको विकास से कोई मतलब नहीं है।
संगठन पर्व का चल रहा समय
आज फरीदाबाद के सूरजकुंड में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक होगी। इस पर सम्राट चौधरी ने कहा कि यह संगठन पर्व का समय है। ये बीजेपी के काम करने की शैली है। पार्टी के संगठन का पर्व है। कार्यकर्ताओं के सम्मान की बात होती है। इस तरह की बैठक में संगठन में किस जगह पर कौन बैठेगा, कैसे चलना है, हर चीजों पर मंथन होता है।







