बर्फीली हवाओं से बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्से में कोहरे के साथ शीतलहर जारी है। नतीजा, प्रचंड ठंड के साथ कनकनी बढ़ गई है। रविवार को पटना जिले में सीवियर कोल्ड डे रहा। इसके अलावा शेखपुरा, जमुई, बांका, समस्तीपुर, सहरसा एवं किशनगंज में कोल्ड डे रहा।
साथ ही बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, गया, नालंदा आदि जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति रही।
आज मकर संक्रांति है। मौसम विभाग ने 38 जिलों में कोल्ड-डे का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की माने तो 16 जनवरी तक पारा ऐसे ही गिरेगा। फिलहाल दो-तीन दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।
पटना, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, नवादा, गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, बांका, जमुई, मुंगेर, भागलपुर में कोल्ड-डे का अलर्ट है।
खगड़िया, समस्तीपुर, दरभंगा मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सारण, सिवान, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में भी कोल्ड-डे का यलो अलर्ट है।
कोहरे के चलते 8 फ्लाइट्स कैंसिल रहीं। 17 लेट हुई। राजधानी एक्सप्रेस 20 घंटे लेट पटना पहुंची।
मौसम से जुड़ी तस्वीरें देखिए..




दस किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली हवा
पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में रविवार को उत्तरी और पश्चिमी पछुआ हवा 6 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। इस वजह से दक्षिण-मध्य, दक्षिण-पश्चिम बिहार में कई जगहों पर कड़ाके की ठंड महसूस की गई। हालांकि कुछ जगहों पर धूप निकलने के बाद भी कनकनी महसूस गई। आज यानि सोमवार को भी प्रदेश में कुछ इसी प्रकार का मौसम रहने वाला है।


कोहरे के कारण कई ट्रेनें और विमान लेट
दिल्ली और पटना में रविवार की सुबह घना कुहासा रहने की वजह से इंडिगो की चार जोड़़ी फ्लाइट रद्द हो गई। वहीं, इंडिगो की ही हैदराबाद, देवघर, बेंगलुरु और मुंबई की भी एक-एक जोड़ी फ्लाइट रद्द रही। इससे करीब ढाई हजार यात्री सफर नहीं कर सके। इसके अलावा 17 जोड़ी फ्लाइट लेट रही। चालू सीजन में पहली बार इतनी बड़ी तादाद में फ्लाइट रद्द और लेट हुई।
दिल्ली में कुहासे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वहां से पहली फ्लाइट छह घंटे की देरी से शाम 4:20 बजे आई और यहां से 5 बजे रवाना होकर दिल्ली करीब 6:30 बजे पहुंची। हालांकि पटना एयरपोर्ट पर 1000 मीटर विजिबिलिटी हाेने के बाद पहली फ्लाइट 12:28 बजे आ गई थी।
यह विमान इंडिगो की थी, जाे लखनऊ से आई थी। इसके आने का समय दिन में 11:10 बजे है। खास बात यह है कि केवल दाे जोड़ी विमानों का ऑपरेशन सही समय पर हुआ। इंडिगो की पुणे की फ्लाइट 6ई126 और हैदराबाद की 6ई6233 सही समय पर आई। सबसे ज्यादा देर से इंडिगो की दिल्ली की फ्लाइट 6ई2373 दिन के 11:20 बजे की बजाय शाम 7:26 बजे आई। इंडिगो के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विमान के रद्द हाेने और देर ऑपरेट हाेने का मैसेज यात्रियों काे दे दिया गया था।
ज्यादा लेट होने से तेजस की स्क्रैच रैक चलाई गई
कोहरे की वजह से ट्रेनों की भी लेटलतीफी जारी है। रविवार को नई दिल्ली-राजेंद्रनगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस 9:20 घंटे लेट खुली। जबकि शनिवार को चली राजधानी करीब 20 घंटे विलंब से रात 12 बजे के बाद पटना जंक्शन पहुंची। हालांकि ज्यादा लेट होने और दोनों रेक दिल्ली की तरफ फंसे रहने से रविवार को राजधानी की स्क्रैच रेक को राजेंद्रनगर से नई दिल्ली के लिए राइट टाइम रवाना किया गया। इसी तरह डाउन में मगध एक्सप्रेस 2:45 घंटे, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 5:10 घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल 11:55 घंटे लेट रही।
रैन बसेरा में ठंड के कारण की गई व्यवस्था
कड़ाके की ठंड पड़ने के कारण नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा रैन बसेरा बनाया गया है। रेलवे स्टेशन, गांधी मैदान और अशोक राजपथ में सबसे अधिक रैन बसेरा में अधिक भीड़ है। वहीं, इसको लेकर अधिकारियों का कहना है की ट्रेन बसेरा में लोगों को सारी सुविधाएं दी जा रही है। जैसे की चौकी, गद्दा, चादर, तकिया, तकिया कवर, कम्बल, अग्निशामक यंत्र, ट्रंक, पीने का पानी, सीसीटीवी कैमरा, रजिस्टर, टेबल, कुर्सी, ऐनक आदि शामिल हैं।







