तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों के लिए आज वोटिंग हो रही है। राज्य में कुल 2,290 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। पिछले दोनों चुनाव में विजयी रही सत्ताधारी पार्टी बीआरएस के सामने इस बार सरकार बचाने की चुनौती होगी। वहीं, विपक्षी दल भाजपा और कांग्रेस राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने को देखेंगे। इस बीच आज हम आपको तेलंगाना चुनाव से जुड़ी 10 हम बता रहे हैं जिन्हें जानना आपके लिए जरूरी है।
कुल सीटें:
तेलंगाना में विधानसभा की 119 सीटें हैं। सबसे ज्यादा हैदराबाद जिले में 15 विधानसभा सीटें पड़ती हैं। वहीं मुलुगु, वानापर्थी और जयशंकर भूपालपल्ले जिलों में सबसे कम एक-एक सीटें हैं।
हॉट सीटें:
राज्य के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव दो विधानसभा क्षेत्रों से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। ये सीटें कामारेड्डी और गजवेल हैं। गजवेल में सीएम के सामने भाजपा के एतला रजिंदर हैं जबकि कामारेड्डी में कांग्रेस सांसद रेवंत रेड्डी चुनौती दे रहे हैं।
इसके अलावा जुबली हिल्स सीट से मोहम्मद अजहरुद्दीन, चन्द्रयानगुट्टा से अकबरुद्दीन ओवैसी, करीमनगर से बी. संजय कुमार, सिरसिला से केटी रामाराव, सिद्दिपेट से हरीश राव, हुजूरनगर से उत्तम कुमार रेड्डी, गोशामहल से टी. राजा सिंह और मल्काजगिरि से एम. हनुमंत राव की दावेदारी से संबंधित सीटों का मुकाबला दिलचस्प हो गया है।







