उत्तरप्रदेश सरकार राज्य में हलाल उत्पाद पर बैन लगा चुकी है। अब बिहार में भी ऐसे उत्पाद को प्रतिबंधित करने की मांग उठने लगी है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश को पत्र लिखकर हलाल उत्पाद की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।
चिट्ठी के जरिए उन्होंने बिहार में तय मानक से खराब खाद्य सामग्री बाजार में उपलब्ध कराने का आरोप लगाया है। इस्लामीकरण और आतंकवाद का भी जिक्र किया है।

गिरिराज ने चिट्ठी में क्या लिखा है
बिहार राज्य में अनेक खाद्य पदार्थों एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों जैसे खाद्य तेल, नमकीन, ड्राई फ्रूट, मिठाईयों, कॉस्मेटिक, दवाओं एवं मेडिकल उपकरणों का हलाल कारोबार हो रहा है, जबकि इस प्रकार की सामग्रियों के मानक से संबंधित प्रमाणन के लिए FSSAI जैसे मानक ही वैध है।
हलाल कारोबार के अंतर्गत जिन चीजों का इस्लाम से कोई संबंध नहीं, उनका कारोबारी इस्लामीकरण हो रहा है, कुछ संस्थाएं हलाल सर्टिफिकेट देने की स्वयंभू हो गई हैं। सामान बनाने वाली कंपनियों को मोटी रकम देकर हलाल सर्टिफिकेट दे रही हैं। इस बात की आशंका निराधार नहीं है कि हलाल सर्टिफिकेशन और कारोबार के पीछे एक बड़ा षडयंत्र है।

भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र में हलाल कारोबार ना सिर्फ संविधान के खिलाफ़ है, देशद्रोह भी है। एक आंकड़े के अनुसार पूरे विश्व में हलाल प्रमाणन संबंधी व्यावसायिक गतिविधियों का आकार लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर तक है। अर्थव्यवस्था के इस स्वरूप के आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े होने की भी बात प्रकाश में आ रही है, जिसकी गहन जांच किए जाने की आवश्यकता है।
यूपी सीएम ने लगाई रोक
योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कहा गया है कि यूपी सीएम के नेतृत्व में हलाल प्रमाणनयुक्त खाद्य उत्पादों के निर्माण, भण्डारण, वितरण एवं विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाते हुए समूचे उत्तर प्रदेश में कार्रवाई कर इस तरह की षडयंत्रकारी और विभाजनकारी शक्तियों पर अंकुश लगाया है।
बिहार राज्य के एक नागरिक तथा बेगूसराय से लोकसभा सांसद के रूप में आपसे इसी प्रकार के सख्त कदम उठाने तथा सामाजिक रूप से विभेदकारी एवं आतंकवादी गतिविधियों में इसकी संलिप्तता की गहन जांच करते हुए सख्त कार्रवाई का आग्रह करता हूं।

बिहार में हमारी पार्टी के समर्थन से जब भी आपने राज्य में सरकार का नेतृत्व किया है, Rule of Law आपकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। लेकिन, हाल के वर्षों में इस स्थिति में काफी गिरावट आयी है।
मेरा आपसे अनुरोध है कि बिहार जैसे बड़े राज्य में भी हलाल उत्पादों के नाम पर चल रहे एक प्रकार के जिहाद के विरुद्ध प्रतिबंध लगाते हुए ऐसे विभाजनकारी एवं षडयंत्रकारी तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने का कष्ट करें।







