राजस्थान में चुनावी माहौल के बीच सोशल मीडिया पर कई तरह की खबरें, वीडियो और फोटो वायरल हो रहे हैं। अब एक फोटो सामने आया है, जिसमें दावा किया गया कि- विधायक महेश जोशी ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी को जॉइन कर लिया है।
दावे की सच्चाई जानने से पहले जानते है, ये फोटो कहां और कब वायरल हुआ…

क्या है वायरल फोटो में
फोटो में जयपुर की हवामहल सीट से कांग्रेस विधायक महेश जोशी बीच में और उनके दोनों तरफ नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ व उपनेता प्रतिपक्ष डॉ. सतीश पूनियां खड़े हैं। राठौड़ के पास रानीवाड़ा विधायक नारायण सिंह देवल, सतीश पूनिया के बगल में मकराना विधायक रूपाराम मुरावतिया और कोटा दक्षिण से विधयक संदीप शर्मा साथ में सांगानेर विधानसभा सीट से विधायक अशोक लाहोटी और अन्य लोग भी हैं। वायरल फोटो में राठौड़ और पूनियां कांग्रेस विधायक महेश जोशी को लड्डू खिलाते दिख रहे हैं। नीचे कैप्शन लिखा है- ‘कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए महेश जोशी।’
तस्वीर की पड़ताल
दैनिक भास्कर की टीम ने वायरल फोटो की पड़ताल की। वायरल फोटो के साथ एडिटिंग नहीं की गई है। यानी फोटो के साथ किसी भी तरह की छेड़खानी नहीं की गई है। स्पेशल की-वर्ड्स के जरिए गूगल पर फोटो को सर्च किया। जिसमें कुछ लिंक सामने आए हैं। सोशल अकाउंट X के एक यूजर ने फोटो शेयर कर लिखा था- ‘पहचानो कौन’। वहीं एक यूजर ने कैप्शन के बिना फोटो शेयर किया है।
पड़ताल करते हुए हमें वायरल फोटो के साथ X का एक ओर लिंक मिला। लिंक को ओपन किया गया, जिसमें फोटो के ऊपर लिखा था- ‘चुनावी माहौल में पुरानी तस्वीर वायरल। मौका महेश जोशी के जन्मदिन का था, स्थान राजस्थान विधानसभा। भाजपा नेताओं ने अपने हाथ से लड्डू खिलाया था’। पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने तीनों नेताओं के फेसबुक पेज और ट्वीट अकाउंट को देखा। हालांकि, वायरल फोटो या कोई वीडियो नजर नहीं आया।

वायरल फोटो की सच्चाई
– वायरल फोटो में पीछे खड़े लोगों ने मास्क लगा रखा है। इससे साफ है कि फोटो पुराना और कोरोना टाइम का है।
– पड़ताल में सामने आया कि- ये फोटो विधानसभा का है और महेश जोशी के जन्मदिन (14 सितंबर 2021) का फोटो है। उस दौरान विधायक महेश जोशी से मिलते हुए भाजपा के नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए लड्डू खिलाया था।
– वायरल फोटो को लेकर भास्कर ने विधानसभा के रिकॉर्ड की पड़ताल की, 14 सितंबर को विधानसभा की कार्यवाही चली थी, उस दिन विधानसभा में चार बिल पेश किए गए थे। महेश जोशी उस वक्त सरकारी मुख्य सचेतक थे, बाद में नवंबर 2021 में हुए मंत्रिमंडल फेरबदल में मंत्री बने थे।
निष्कर्ष-
पड़ताल से साफ हो गया कि- वायरल फोटो सही है लेकिन जोशी के पार्टी बदलने का दावा गलत है।
ये भी पढ़ें-
मंत्री खाचरियावास के चुनावी कार्यालय में भी नमाज, दो दावों वाले वायरल वीडियो का जानिए पूरा सच

मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के दौरान पढ़ी गई नमाज। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पढ़ी गई नमाज।







