वर्ल्ड कप 2023 के 24वें मुकाबले में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया की टक्कर नीदरलैंड्स से दिल्ली में होगी. ऑस्ट्रेलिया ने अपने पिछले मैच में पाकिस्तान हराया था जबकि नीदरलैंड्स को पिछले मुकाबले में श्रीलंका से हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि, नीदरलैंड्स की टीम इस विश्व कप में एक उलटफेर कर चुकी है. डच टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराया था और श्रीलंका को भी चौंका सकती थी. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया इस मुकाबले को हल्के में नहीं लेगा.
ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड्स के बीच अबतक 2 ही वनडे हुए हैं और दोनों ही मुकाबले वर्ल्ड कप में खेले गए. 2003 और 2007 के विश्व कप में हुए मैच में ऑस्ट्रेलिया ने नीदरलैंड्स पर बड़ी जीत दर्ज की थी और दोनों ही टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की टीम अजेय रही थी. दोनों ही टीमों के बीच विश्व कप में तिरुवनंतपुरम में वॉर्म अप मैच खेला गया था. बारिश से प्रभावित उस मुकाबले में मिचेल स्टार्क ने हैट्रिक ली थी.
नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में ट्रेविस हेड खेल सकते हैं. हाथ टूटने के कारण वो पहले 4 मैच खेल नहीं पाए थे लेकिन सोमवार को उन्होंने टीम के नेट सेशन में अभ्यास किया था. ऐसे में हेड ये मैच खेल सकते हैं. नीदरलैंड्स के पास आर्यन दत्त और वैन डर मर्व के रूप में दो स्पिन गेंदबाज हैं, जो पावरप्ले में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर की परीक्षा ले सकते हैं.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, स्टीवन स्मिथ, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, एडम जाम्पा
नीदरलैंड्स: विक्रमजीत सिंह, मैक्स ओ’ डाउड, कॉलिन एकरमैन, बास डि लीड, तेजा निदामानारु, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान-विकेटकीपर), सीब्रैंड एंगलब्रेट, वैन डर मर्व, लोगन वैन बीक, आर्यन दत्त, पॉल वैन मीकरन.
हार्दिक पंड्या को लेकर नया अपडेट , जानें कब होगी वापसी?
इंग्लैंड के खिलाफ इस रविवार को होने वाले वर्ल्ड कप मैच से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर आई है. हार्दिक पंड्या के टखने पर लगी चोट ठीक नहीं हुई है और वो विश्व कप के अगले दो मैच में नहीं खेलेंगे. इसका मतलब पंड्या रविवार को इंग्लैंड और फिर श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच में भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे. भारतीय ऑलराउंडर 5 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका और फिर नीदरलैंड के खिलाफ विश्व कप के आखिरी दो लीग मैचों के लिए ही उपलब्ध होंगे.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते पुणे में बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान टखने में चोट लगने के बाद से हार्दिक पंड्या ने गेंदबाजी करना शुरू नहीं किया है. मेडिकल टीम बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में उन्हें ठीक होने के लिए कुछ और दिनों तक इंतजार करेगी. उनके मुंबई या कोलकाता में भारतीय टीम से जुड़ने की उम्मीद है. भारतीय टीम मैनेजमेंट पंड्या की वापसी में जल्दबाजी नहीं करना चाहता है. टीम को उम्मीद है कि वो आखिरी दो लीग मैच के लिए पूरी तरह फिट हो जाएंगे. इस विश्व कप में भारतीय टीम जीत की लय में है, ऐसे में टीम प्रबंधन सेमीफाइनल के लिए पूरी तरह से फिट पंड्या चाहता है.
हार्दिक पंड्या बीते 22 अक्टूबर को धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच नहीं खेले थे और उन्हें इलाज के लिए बैंगलुरू स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी में ले जाया गया था. जहां इंग्लैंड के विशेषज्ञ डॉक्टर की निगरानी में उनका इलाज हुआ था. शुरू में इस बात की संभावना जताई गई थी कि पंड्या इंग्लैंड के खिलाफ 29 अक्टूबर को होने वाले मैच के लिए फिट हो जाएंगे लेकिन टेस्ट और स्कैन के बाद स्थिति बदल गई है.
बता दें कि पंड्या को बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान गेंदबाजी के दौरान टखने में चोट लग गई थी. लिटन दास के एक ड्राइव को पैर से रोकने के चक्कर में उनका टखना चोटिल हो गया था. इसके बाद वो लंगड़ाकर चल रहे थे. उन्हें काफी दर्द हो रहा था. फीजियो ने उनकी एंकल में पट्टी भी बांधी थी. इसके बावजूद वो गेंदबाजी नहीं कर पाए थे और उनके ओवर की बाकी बची गेंद विराट कोहली ने फेंकी थी.







