कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शनिवार सुबह दिल्ली में प्रवेश कर गई और इस मौके पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि इस नफरत के खिलाफ हर भारतीय को महोब्बत की एक छोटी दुकान खोलनी चाहिए. राहुल गांधी और बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और समर्थक इस पदयात्रा में शामिल हैं. राहुल गांधी ने कहा, ‘भाजपा और आरएसएस की नीति नफरत और डर फैलाने की है, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे.’ उन्होंने कहा, ‘हमारी तरह हर भारतीय को मोहब्बत फैलाने के लिए एक छोटी दुकान खोलनी चाहिए.’
बदरपुर बॉर्डर से आरंभ हुई आज की यह पदयात्रा लाल किले पर समाप्त होगी. इसके बाद कुछ दिनों का विराम होगा और फिर यह यात्रा 3 जनवरी को शुरू होगी. पदयात्रा पूरी करने के बाद शनिवार शाम राहुल गांधी महात्मा गांधी की समाधि राजघाट, पंडित जवाहरलाल नेहरू के स्मारक शांति वन, इंदिरा गांधी की समाधि ‘शक्ति स्थल’ और राजीव गांधी की समाधि ‘वीर भूमि’ जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. तमिलनाडु में कन्याकुमारी से 7 सितंबर, 2022 को शुरू हुई यह यात्रा अब तक 9 राज्यों- तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से गुजर चुकी है. शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सुप्रिया सुले, द्रमुक नेता कनिमोई भी कांग्रेस की इस यात्रा में शिरकत कर चुके हैं.
राहुल की यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ पहुंची है। इस वजह से दिल्ली पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा जगह ट्रैफिक डायवर्ट किया है। वहीं, बदरपुर बॉर्डर से लाल किले तक हैवी ट्रैफिक रहने की संभावना जताई है। दिल्ली कांग्रेस के मुताबिक, यात्रा शनिवार को 23 किमी का सफर तय करके शाम साढ़े चार बजे लाल किले पर समाप्त होगी। इसके बाद यात्रा में 9 दिन का ब्रेक रहेगा।

दिल्ली पहुंचकर राहुल गांधी ने दिए तीन बड़े बयान…
- बीजेपी नफरत फैलाती हैं, हम प्यार फैलाते हैं। हम सभी भारतीयों को गले लगाते हैं। हर भारतीय को देश में प्यार फैलाने के लिए एक छोटी सी दुकान खोलनी चाहिए।
- भारत जोड़ो यात्रा में कहीं नफरत नहीं है। इस यात्रा में कोई गिरता है तो सब लोग उसको उठा देते हैं। मदद करते हैं सभी, यही सच्चा हिंदुस्तान है।
- आप किसी से भी पूछिए कि क्या इस यात्रा में किसी से धर्म पूछा गया? अमीर और गरीब का अंतर किया गया? तो जवाब मिलेगा- नहीं। इस यात्रा में सिर्फ मोहब्बत है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में की जा रही पदयात्रा ने अब तक 2,800 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की है. भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में 8 दिनों के विराम के बाद उत्तर प्रदेश, पंजाब और अंत में जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी. इस यात्रा में पूजा भट्ट, रिया सेन, सुशांत सिंह, स्वरा भास्कर, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी और अमोल पालेकर जैसी फिल्मी और टेलीविजन हस्तियों के साथ-साथ समाज के कई अन्य वर्गों के लोगों की भागीदारी देखी गई है. पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल एल रामदास और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन सहित कई अन्य हस्तियां भी समय-समय पर इस पदयात्रा में शामिल हुई हैं.
कोरोना के नाम पर राजनीति कर रही है भाजपा: कांग्रेस
भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक जयराम रमेश ने कोरोना संक्रमण को लेकर केंद्र की ओर भेजे गए पत्र के बारे में प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘मैं मास्क पहनूंगा. पीएम ने आज संसद में मास्क पहना था, लेकिन बाद में उनके चेहरे पर मास्क नहीं था. हम मेडिकल एविडेंस के आधार पर सरकार द्वारा जारी सभी प्रोटोकॉल का पालन करेंगे. भाजपा COVID पर राजनीति कर रही है और भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है.’ कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ‘सवाल उठाना सरकार का काम नहीं है, बल्कि जवाब देना, नियम बनाना और प्रोटोकॉल की घोषणा करना सरकार का काम है. हम सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करेंगे. उन्हें हवाईअड्डों और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने की घोषणा करनी चाहिए. वे केवल राजनीति कर रहे हैं.’
दिल्ली में सोनिया गांधी, प्रियंका और रॉबर्ट वाड्रा भारत जोड़ो यात्रा में हुए शामिल
पूर्व कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए. राहुल गांधी राष्ट्रीय राजधानी में यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं.
राहुल गांधी, जयराम और प्रियंका के साथ रॉबर्ट वाड्रा ने मंदिर में दर्शन किया
राहुल गांधी, जयराम और प्रियंका के साथ रॉबर्ट वाड्रा ने मंदिर में दर्शन किया है. इसके बाद राहुल गांधी जयराम आश्रम पहुंचे हैं. वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि यात्रा का चुनाव से कोई लेना देना नहीं है. संगठन को मज़बूत करना है हमारा उद्देश्य. आने वाले समय में पता चलेगा कि संगठन कितना मज़बूत हुआ है. महँगाई, बेरोज़गारी और तानाशाही के ख़िलाफ़ भी यात्रा थी और ये यात्रा इलेक्शन आधारित न होकर इमोशन से जुड़ी हुई यात्रा है. बीजेपी नेताओं के पत्रों के आधार पर स्वास्थ्य मंत्री ने बैठक बुलायी और हमें पत्र लिखा. इस यात्रा के अंतिम दो दिनों में राजनीतिकरण करने की कोशिश की गई. बीजेपी की बी टीम दिल्ली सरकार ने भी बैठक बुलायी.
निश्चित रूप से राहुल गांधी को पीएम बनना चाहिए- पवन खेड़ा
राहुल गांधी के 2024 में पीएम बनने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, यह तो 2024 ही तय करेगा लेकिन अगर आप हमसे पूछेंगे तो निश्चित रूप से राहुल गांधी को पीएम बनना चाहिए. केंद्र की ओर से कोरोनावायरस संक्रमण को लेकर लिखे गए पत्र पर पवन खेड़ा ने कहा कि हम सभी प्रोटोकॉल का पालन करेंगे. केंद्र सरकार कोरोना के नाम पर राजनीति कर रही है, वह भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए हथकंडे अपना रही है.
भारत जोड़ो यात्रा में आज साथ दिख सकते हैं 15 दल
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि राहुल गांधी ने कल समान विचारधारा वाले विपक्षी दलों के नेताओं को पत्र लिखकर भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था. उन्होंने आगे कहा कि कई सांसद यात्रा में शामिल होने के इच्छुक हैं. सूत्रों की मानें तो 15 विपक्षी दलों के प्रतिनिधि आज दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर कांग्रेस के साथ एकजुटता का दिखाएंगे.







