भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान को हराने के बाद जब सिडनी पहुंची तो उसका हौसला बढ़ा हुआ था। टीम इंडिया ने आराम फरमाने की जगह प्रैक्टिस चुनी और पहुंच गई स्टेडियम। कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, दिनेश कार्तिक सहित तमाम भारतीय प्लेयर्स ने जमकर पसीना बहाया। घंटों प्रैक्टिस के बाद एक अच्छी डाइट की जरूरत होती है और टीम इंडिया को भी इसी बात की उम्मीद थी, लेकिन जैसे ही खाने के लिए ठंडे सैंडविच और खीरा-टमाटर देखे तो दिमाग भन्ना गया। भारतीय टीम ने उस खाने को बैरंग वापस लौटाते हुए होटल लौटने के बाद खाना खाना उचित समझा।
सिडनी में ड्रामा सिर्फ खाने तक सीमित नहीं
सिडनी में यह ड्रामा सिर्फ इतना भर नहीं था। टीम इंडिया को प्रैक्टिस के लिए ब्लैकवुड में जाना था, जो होटल से 42 किलोमीटर दूर है। इसलिए भारतीय टीम ने एक ही दिन का अभ्यास चुना। होटल से इतना दूर जाना और फिर आना। यह अपने आप में थका देने वाला होता है। वह भी तब जब टीम इंडिया मेलबर्न से यहां पहुंची है। वैसे, देखा जाए तो टीम इंडिया और सिडनी का इस तरह का याराना बड़ा पुराना है।
2008 में हुआ था मंकीगेट कांड
अगर मंकीगेट कांड याद हो तो बता दें कि वह पूरा मामला इसी शहर में हुआ था। इसी मैदान पर हुआ था। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2007-2008 बॉर्डर-गावस्कर में सिडनी टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया के एंड्रयू साइमंड्स और भारत के हरभजन सिंह आपस में भिड़ गए थे और आरोप था कि हरभजन ने साइमंड्स को मंकी यानि बंदर कहा है। हरभजन ने हालांकि इस बात से इनकार किया था। इस मामले में हरभजन सिंह पर 3 मैच का प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन सचिन तेंदुलकर सहित टीम इंडिया और बोर्ड के अड़ जाने के बाद उसे अपना फैसला वापस लेना पड़ा था।
2012 में विराट कोहली के साथ बदतमीजी
इसके बाद 2012 में जब भारतीय टीम गई तो अपनी बदतमीजी के लिए कुख्यात सिडनी के क्रिकेट फैंस ने विराट कोहली से अभद्र व्यवहार किया। वह सीमा रेखा पर फील्डिंग कर रहे थे और क्राउड उन्हें बुरा भला कह रहा था। विराट कोहली ने भी गुस्से में मिडल फिंगर दिखा दिया था। इससे ऑस्ट्रेलियाई मीडिया को नया मसाला मिल गया था। यह तो सभी ने देखा कि कोहली ने क्या किया, लेकिन कोई भी बदतमीज फैंस पर बात करने को तैयार नहीं थे।
बुमराह और सिराज के साथ 2020-21 हुआ बुरा व्यवहार
2020-21 के दौरे पर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और युवा मोहम्मद सिराज को फैंस गाली देते दिखे थे। नस्लीय टिप्पणी करते हुए मंकीगेट, ब्राउन डॉग तक कहे। इस बात को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड काफी खफा था। पुलिस ने भी फैंस के खिलाफ एक्शन लेने की बात कही थी। इसमें कोई शक नहीं कि टी-20 वर्ल्ड कप आईसीसी का टूर्नामेंट है और सारी व्यवस्था उसी की होती है, लेकिन टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया गए लगभग 20 दिन होने को हैं। इससे पहले उसने मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेला। प्रैक्टिस भी की थी, लेकिन खाने की शिकायत सिडनी में ही क्यों आई? यह सोचने वाली बात है।
इस बार खाने को लेकर है शिकायत
ऑस्ट्रेलिया में जारी टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को लचर व्यवस्था का शिकार होना पड़ा है। रोहित शर्मा की अगुआई में अपना पहली मैच जीतकर टीम इंडिया दूसरे मैच के लिए सिडनी पहुंच चुकी है। यहां उसे गुरुवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ सुपर 12 स्टेज का अपना दूसरा ग्रुप मुकाबला खेलना है। लेकिन इस बीच भारतीय टीम ने अभ्यास सत्र के दौरान परोसे गए खाने की शिकायत की है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया है कि टीम इंडिया को जो खाना परोसा गया वह अच्छा नहीं था। उन्हें सिर्फ सैंडविच दिया गया और वह भी ठंडा था। भारतीय टीम ने आईसीसी को यह भी बताया कि सिडनी में अभ्यास सत्र के बाद दिया गया खाना अच्छा नहीं था।
ठंडा और खराब सैंडविच परोसा गया
बीसीसीआई सूत्र के मुताबिक भारतीय टीम को जो खाना परोसा गया था, वह अच्छा नहीं था। उन्हें सिर्फ सैंडविच दिया गया था जिसमें ज्यादा कुछ विकल्प भी मौजूद नहीं था। रिपोर्ट के मुताबिक खाने की व्यवस्था से नाराज टीम इंडिया ने लंच भी नहीं किया और फिर होटल लौटकर वहां पर खाना खाया।
आईसीसी की तरफ से हो रही है व्यव्स्था
गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप के दौरान खाने की व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की तरफ से की जा रही है। आईसीसी लंच के बाद गर्म खाना नहीं दे रही है। जबकि द्विपक्षीय श्रृंखलाओं के दौरान मेजबान देश खाने की व्यवस्था करता है।
टीम इंडिया अभ्यास से भी रही दूरे
भारतीय टीम अपने दूसरे मैच के लिए अभ्यास सत्र में भी हिस्सा नहीं ले रही है क्योंकि उसे सिडनी से काफी बाहर ब्लैकटाउन में जगह दिया गया है, जो टीम होटल से करीब 45 मिनट की दूरी पर है। सूत्र के मुताबिक टीम इंडिया ने अभ्यास सत्र में इसलिए हिस्सा नहीं लिया क्योंकि उन्हें ब्लैकटाउन (सिडनी के उपनगरों में) में अभ्यास स्थल की पेशकश की गई थी, जो टीम होटल से 45 मिनट की दूरी पर है।
पाकिस्तान के खिलाफ चार विकेट से जीती टीम इंडिया
बता दें कि भारत ने अपने पहले मुकाबले में अपने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को चार विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की। मेलबर्न में खेले गए रोमांचक मैच में टीम इंडिया ने विराट कोहली की 82 रन की नाबाद पारी और हार्दिक के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान के 160 रन के लक्ष्य का पीछा किया था।



