बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी ने 2024 को होने वाले आम चुनाव में विपक्षी एकता के बहाने अपनी दावेदारी जताने की कोशिश की है। ‘विपक्ष का चेहरा कौन होगा’ इस मामले में नीतीश की पार्टी ने भले अपनी बढ़त बना ली हो‚ मगर जब तक तमाम विपक्षी पार्टियां नीतीश को चेहरा बनाने को लेकर एकमत नहीं होती है‚ तब तक यह कयासबाजी जारी रहेगी। हालांकि पटना स्थित जद (यू) के पार्टी कार्यालय में नीतीश के पीएम पद के समर्थन में पोस्टरबाजी से उनकी दावेदारी को आधार जरूर दे दिया है। आने वाले दिनों में राष्ट्रीय स्तर पर नीतीश की भूमिका क्या होगी; यह देखना दिलचस्प होगा। पटना में जनता दल (यू) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जिस अंदाज में नीतीश ने भाजपा पर हमला बोला है‚ वह इतना संकेत तो जरूर दे रहा है कि नीतीश इस बार वर्षों के अपने सियासी अनुभव को झोंकने में कोताही नहीं बरतेंगे। भाजपा को ५० संसदीय सीटों पर समेट देने की उनकी टिप्पणी भले अतिश्योक्ति हो‚ किंतु इतना तो तय है कि वह इस मर्तबा मोदी के खिलाफ खुलकर लड़़ने का मानस बना चुके हैं। बहरहाल‚ नीतीश की ‘मिशन दिल्ली’ आज यानी सोमवार से शुरू हो जाएगी। इस दरमियान वह कांग्रेस के राहुल गांधी‚ एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार व अन्य लीड़रों से मंत्रणा करेंगे। फिलवक्त नीतीश बेहद संभल कर अपने कदम बढ़ा रहे हैं‚ इसी कारण से सीधे अपनी दावेदारी के बजाय वह विपक्षी एकता पर ज्यादा जोर देते हैं। दिल्ली के बाद पश्चिम बंगाल‚ ओडि़शा व तमिलनाडु़ का उनका प्रस्तावित दौरा भी इसी रणनीति का हिस्सा है। इस बात में किसी तरह का शक–शुबहा नहीं है कि नीतीश की महत्वाकांक्षा प्रधानमंत्री पद की रही है। राष्ट्रीय स्तर पर उनकी लोकप्रियता और काम करने वाले मुख्यमंत्री के तौर पर निर्मित छवि भी उनकी दावेदारी को मजबूती देती है। देखना है‚ इस बार नीतीश सत्ता पक्ष के चक्रव्यूह को कैसे भेदते हैं। वह जिस हिसाब से भाजपा पर हमलावर हैं‚ उससे यह बात को स्पष्ट है कि २०२४ का रण रोचक और रोमांचक होगा। यानी राष्ट्रीय राजनीति में अगले कुछ महीने में काफी कुछ घटित होने वाला है। अगर विपक्ष नीतीश को प्रधानमंत्री पद के लिए अपना चेहरा बनाने की हामी भर लेता है तो यह निश्चित तौर पर उनकी शुरुआती जीत मानी जाएगी।
PM मोदी ने 2022 में… रूस-यूक्रेन युद्ध पर इस देश के नेता ने किया बड़ा खुलासा
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पोलैंड ने बड़ा खुलासा किया है. पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव थियोफिल बार्टीशेव्स्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र...







