प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश में भ्रष्टाचारी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के कारण राष्ट्रीय राजनीति में नया ध्रुवीकरण हुआ है और कुछ राजनीतिक समूह भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे लोगों को बचाने के लिए एक गुट में संगठित होने का प्रयास कर रहे हैं। अपनी दो–दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे प्रधानमंत्री ने एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार विकास और युवाओं के हितों में सबसे बड़़ा बाधक है।
मोदी ने कहा‚ ‘हम देख पा रहे हैं कि चूंकि हम भ्रष्ट व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं‚ इसलिए राष्ट्रीय राजनीति में एक नया ध्रुवीकरण शुरू हुआ है। भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करने वालों को बचाने के लिए कुछ राजनीतिक समूह खुलकर आगे आ रहे हैं और एक गुट में संगठित होने का प्रयास कर रहे हैं। केरल और भारत के लोगों को ऐसे समूहों के प्रति सजग रहना होगा।’ नेदुम्बासरी में कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्ड़े के बाहर अपने समर्थकों को सम्बोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य की जनता भारतीय जनता पार्टी को नई उम्मीद की नजर से देख रही है क्योंकि वे महसूस करते हैं कि भाजपा देश में परिवर्तन और विकास के कार्य कर रही है।
लालकिले से भी किया था भ्रष्टाचार पर वार
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने लालकिले से भी भ्रष्टाचार पर वार किया था। उन्होंने कहा था कि भारत में जहां एक तरफ लोगों के पास रहने के लिए घर नहीं हैं वहीं दूसरी तरफ लोगों के पास चोरी का पैसा रखने की जगह नहीं है। यह स्थिति बहुत ही बुरी है। उन्होंने कहा था कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ेगी।
किधर है मोदी का इशारा?
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति का नाम नहीं लिया। हालांकि साफ है कि उनका इशारा कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस की तरफ था। हाल ही में टीएमसी के पार्थ चटर्जी और अनुब्रत मंडल भ्रष्टाचारा के आरोपों के चलते जेल चले गए हैं। वहीं ममता बनर्जी लगातार एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगा रही हैं। हाल ही में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को भी ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया था जिसके बाद कांग्रेस नेता सड़क पर उतर आए थे।
बता दें कि केरल विधानसभा चुनाव में भाजपा एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। लोकसभा चुनाव में पकड़ मजबूत करने का भरसक प्रयास भाजपा कर रही है। यह वर्तमान में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट की सरकार है। वहीं कांग्रेस के अगुआई वालागठबंधन भी सत्ता से बाहर है। भाजपा कोई सीट भले ही नहीं जीत पाई थी लेकिन उसका वोट पर्सेंट बढ़ गया था। इसका मतलब है कि केरल में भी भाजपा का जनाधार बढ़ा है। 2016 के चुनाव में कई सीटें थीं जिनपर भाजपा के प्रत्याशी दूसरे नंबर पर थे।
मोदी ने कहा, सरकार की प्राथमिकता है कि लोगों को मूलभूत वस्तुएं उपलब्ध करवाई जाएं और आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाए। केंद्र की सरकार गरीबों को घर देने का प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत केरल में दो लाख लोगों को आवास दिया जाना है जिनमें से 1.3 लाख पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने केरल में कई परियोजनाओं के लिए 1 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है। लक्ष्य यह है कि हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोला जाए जिससे युवाओं को लाभ मिले।
विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कियाः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल में भारतीय रेलवे और कोच्चि मेट्रो सहित विभिन्न परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया तथा तीन रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखी। राज्य के दो दिवसीय दौरे पर शाम चार बजे यहां पहुंचे प्रधानमंत्री ने कुरुप्पंथरा–कोट्टायम चिंगवनम खंड़ को जोड़़ने वाली भारतीय रेलवे की २७ किलोमीटर की दोहरी लाइन का उद्घाटन किया। यह ७५० करोड़़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुई है। प्रधानमंत्री ने ७६ करोड़़ रुपए की लागत से कोल्लम–पुनालुर के बीच नव विद्युतीकृत खंड़ को राष्ट्र को समर्पित किया जो सुरम्य मार्ग के माध्यम से परिवहन के तेज और किफायती साधन के रूप में सेवा देने के अलावा पर्यावरण–पर्यटन को बढावा देगा। इसके अलावा उन्होंने कोट्टायम–एर्नाकुलम और कोल्लम–पुनालुर के बीच विशेष ट्रेन सेवाओं को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया।







