बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले को रोकने की कोशिश की गई। जानकारी के मुताबिक सीएम गोपालगंज से सड़क मार्ग से पटना लौट रहे थे। इस दौरान चार युवक अचानक सड़क पर आ गए। कारकेट गुजरने के दौरान सड़क पर चार युवकों को देख सुरक्षा में तैनात कर्मी तुरंत अलर्ट हो गए।
खबर के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को गोपालगंज से सड़क मार्ग से पटना लौट रहे थे।तभी मांझागढ़ थाना क्षेत्र के भोजपुरवा गांव के समीप सीएम नीतीश कुमार के काफिला को रोककर दो युवक ज्ञापन सौंपने की कोशिश करने लगे। जिसके बाद सभी को हिरासत में ले लिया गया।
रविवार को सीएम नीतीश कुमार पूर्व मंत्री सुभाष सिंह के श्राद्धकर्म में शामिल होने गोपालगढ़ पहुंचे थे। इस दौरान श्राद्ध कर्म कार्यक्रम से शामिल होने के बाद रोड से ही पटना लौट रहे थे। इसी बीच भोजपुरवा मोड़ के समीप सीएम नीतीश कुमार का काफिला रोककर छात्र नेता विपुल चौबे व राजकुमार साह ज्ञापन सौंपना चाहते थे।इन दोनों के साथ दो अन्य लड़के भी मौजूद थे। पुलिस ने सभी युवकों को तुरंत हिरासत में ले लिया।
इस मामले में सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि ऐसा कोई मामला नहीं है। युवकों के द्वारा ज्ञापन देने की तैयारी थी। सूचना के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। बता दें कि खराब मौसम के चलते सीएम सड़क मार्ग से निर्धारित समय से पहले गोपालगंज पहुंचे थे। उनका आगमन हेलीकॉप्टर से होना था। इसके लिए ख्वाजापुर में हेलीपैड की भी व्यवस्था की गई थी। मौसम को देखते हुए उनका कार्यक्रम बदल गया।
गौरतलब है कि बीते दिनों भी पटना में मुख्यमंत्री का काफिले में शामिल गाड़ियों पर प्रदर्शन कर रही भीड़ ने हमला कर दिया था। गनीमत की बात यह थी सीएम नीतीश कारकेट में मौजूद नहीं थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चार गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए थे। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।







