राष्ट्रपति चुनाव में मतगणना जारी है. पहले चरण में सांसदों के वोटों की गिनती पूरी हो गई है. रायसीना हिल्स की रेस में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पहले चरण में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा पर बढ़त बना चुकी हैं. सांसदों के कुल पड़े 748 वोट में मुर्मू को 540 वोट मिले हैं. जबकि यशवंत सिन्हा को 208 वोट मिले हैं. 15 सांसदों को वोट इनवैलिड हो गए हैं. अब राज्यों की विधानसभा में पड़े विधायकों के वोटों की गिनती की जाएगी.
रायसीना की रेस में द्रौपदी मुर्मू आगे, घर पर जश्न का माहौल, रेड कार्पेट बिछा
राष्ट्रपति चुनाव में वोटों की गिनती जारी है. फिलहाल सांसदों के वोटों में द्रौपदी मुर्मू आगे हैं. फिलहाल उनके घर पर जश्न की तैयारी पूरी हो चुकी है. उनके दिल्ली वाले आवास पर रेड कार्पेट बिछ चुका है. नतीजों के बाद पीएम मोदी भी वहां पहुंच सकते हैं. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान लोक कलाकारों के साथ आदिवासी नृत्य करते दिखाई दिए हैं.
रामनाथ कोविंद को आज फेयरवेल डिनर देंगे पीएम मोदी
नए राष्ट्रपति के लिए वोटों की गिनती जारी है. इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी आज मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिए फेयरवेल डिनर देंगे. यह डिनर शाम को 5.30 के बाद दिल्ली के अशोका होटल में आयोजित होगा. इस डिनर में प्रधानमंत्री, उपराष्ट्रपति, लोकसभा स्पीकर समेत सभी लोकसभा राज्यसभा के सदस्य भी मौजूद रहेंगे. विदाई समारोह में लोकसभा स्पीकर विदाई भाषण देंगे. रामनाथ कोविंद को सदस्यों की तरफ से प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और सांसदों द्वारा हस्ताक्षरित एक हस्ताक्षर पुस्तिका भी भेंट की जाएगी.
सांसदों के 780 वोटों में से द्रौपदी मुर्मू को 540 वोट मिले
राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने जानकारी दी है कि द्रौपदी मुर्मू को 540 वोट मिले हैं. इनकी वैल्यू 3,78,000 है. वहीं यशवंत सिन्हा को 208 वोट मिले हैं, जिनकी वैल्यू 1,45,600 है. कुल 15 वोट अमान्य निकले हैं. इस तरह सांसदों के वोटों की गिनती पूरी हो गई है. बता दें कि लोकसभा और राज्यसभा में सांसदो के कुल वोटों की संख्या 780 है. 13 सांसद और 34 विधायक वोट नहीं कर पाए थे. कुल 4796 वोटों में से 4754 कुल वोट पड़े थे.
पहले राउंड की गिनती पूरी
Posted by :- Prabhanjan Bhaduria
राष्ट्रपति चुनाव के लिए पहले राउंड की गिनती पूरी हो गई है. इस चरण में संसद में पड़े सांसदों के वोटों की गिनती हुई है. इसके बाद दूसरे चरण में 10 राज्यों में विधायकों के वोटों की गिनती की जाएगी, और दूसरे चरण के नतीजे घोषित किए जाएंगे. राज्यों में गिनती अल्फाबेट क्रम में होगी. इसके बाद अगले 10 राज्यों में विधायकों के वोटों की गिनती की जाएगी.
2:46 PM :रायसीना हिल्स की रेस में द्रौपदी मुर्मू आगे
राष्ट्रपति चुनाव में सांसदों के वोटों की गिनती पूरी हो गई है. रायसीना हिल्स की रेस में द्रौपदी मुर्मू ने बढ़त बना ली है. सांसदों के कुल पड़े 748 वोट में मुर्मू को 540 वोट मिले हैं. जबकि यशवंत सिन्हा को 208 वोट मिले हैं. 15 सांसदों को वोट इनवैलिड हो गए हैं. मुर्मू को मिले सांसदों के वोट की कुल वैल्यू 3,78,000 है. जबकि सिन्हा को मिले वोट की वैल्यू 1,45,600 है. (इनपुट- पॉलोमी साहा )
11:25 AM :बीजेपी दफ्तर में विजय जुलूस की तैयारियां शुरू
बीजेपी राष्ट्रपति चुनाव में जीत को लेकर आश्वस्त है. पार्टी ने विजय जुलूस की भी तैयारियां शुरू कर दी हैं. इतना ही नहीं द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद जेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 3 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे. इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे.
11:11 AM :राष्ट्रपति चुनाव: संसद में वोटों की गिनती हुई शुरू
राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटों की गिनती 11 बजे से शुरू हो गई. आज देश को नए राष्ट्रपति मिल जाएंगे. इसी बीच दोपहर करीब 2.30 बजे पीएम मोदी एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने पहुंचेंगे.
7:44 AM : 12 राज्यों में 100 फीसदी मतदान हुआ
चुनाव आयोग ने बताया कि छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, एमपी, मणिपुर, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 100 फीसदी वोटिंग हुई. राष्ट्रपति चुनाव की वोटिंग संपन्न होने के बाद राज्य सभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया था कि संसद भवन में कुल मतदान 99.18% हुआ
13 सांसद-विधायक नहीं डाल पाए थे वोट
18 जुलाई को हुई वोटिंग में संसद में बने बूथों में 728 वोट डाले गए. इनमें से 719 सांसद थे, जबकि 9 विधायकों को भी संसद भवन में वोटिंग की अनुमति मिली थी. संसद में कुल तय वोटों में से 98.91% वोटिंग हुई.
सांसद: अतुल सिंह (जेल में), संजय धोतरे (ICU में), सनी देओल (ऑपरेशन के लिए विदेश में), गजानन कीर्तिकार, हेमंत गोडसे, फजलुर रहमान, सादिक मोहम्मद, इम्तियाज जलील वोट नहीं डाल पाए. विधायक: हरियाणा से जेजेपी MLA नैना सिंह चौटाला (विदेश में हैं), राजकुमार राउत (भारतीय ट्राइबल पार्टी, राजस्थान), भंवर लाल शर्मा (कांग्रेस, राजस्थान), सत्येंद्र जैन (AAP, दिल्ली, जेल में बंद), हाजी युनूस (AAP, दिल्ली)
7:43 AM
द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न की तैयारी
चर्चा है कि मुर्मू के पक्ष में काफी वोट पड़े हैं. अगर काउंटिंग में यह दावा सही निकला तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी. उधर, द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में तो जश्न की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं. नतीजे आने के बाद मिठाइयां बांटी जाएंगी. रायरंगपुर में लड्डू बनने शुरू हो गए हैं. इतना ही नहीं जीत के बाद विजय जुलूस भी निकालने की तैयारियां की गई हैं. स्थानीय बीजेपी नेता तपन महांता ने बताया कि 20000 लड्डू बनाए जा रहे हैं. 100 बैनर भी बनाए गए हैं.







