बिहार की चर्चित विधानसभा सीट बांकीपुर में उपचुनाव से पहले जनसुराज को एक और बड़ा झटका लगने वाला है. दरअसल पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी सिन्हा के बाद अब कई और प्रमुख चेहरे भी प्रशांत किशोर का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामने जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार, चेतना झांब, मधुकर यादव और श्रुति श्री समेत जनसुराज के कई नेता गुरुवार को औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल होंगे.
इधर पटना में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को लेकर एक पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर में लिखा है, “केसी सिन्हा तो सिर्फ झांकी है, जमानत जब्त होना अभी बाकी है। इनको वोट नहीं, नोट चाहिए।” पोस्टर के नीचे “सौजन्य: बांकीपुर की जनता” लिखा गया है। यह पोस्टर राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। पोस्टर में प्रशांत किशोर को टोपी और गमछा पहने दिखाया गया है।
वहीं बांकीपुर उपचुनाव से पहले आज गुरुवार को प्रशांत किशोर को एक और झटका लगने वाला है। फिल्म निर्माता चेतना झांब और फतुहा की प्रखंड प्रमुख श्रुति श्री जनसुराज छोड़कर बीजेपी जॉइन करेंगी। इससे पहले 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जनसुराज के बांकीपुर से उम्मीदवार रहे प्रो. केसी सिन्हा ने बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। प्रो. केसी सिन्हा के साथ जन सुराज के कई प्रमुख नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा का दामन थामा। इस दौरान दीघा विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी बिट्टू सिंह और मनेर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी गोपाल सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए।
बीजेपी में शामिल होने के बाद गोपाल सिंह ने पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कोई अहंकारी (अरोगेंट) व्यक्ति संगठन नहीं चला सकता। प्रशांत किशोर के पास कोई विजन नहीं है।” वहीं, दीघा से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी बिट्टू सिंह ने भाजपा की सदस्यता लेने के बाद कहा कि उनका राजनीतिक भविष्य अब भाजपा के साथ ही रहेगा। उन्होंने कहा, “अब बीजेपी छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा। जीना यहां, मरना यहां।” भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर जनसुराज के कई नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, “मैं सभी का भाजपा परिवार में स्वागत करता हूं। ये सभी लोग पूरी मजबूती के साथ पार्टी के लिए काम करेंगे और संगठन को और मजबूत बनाएंगे।”






