भारत में US के राजदूत सर्जियो गोर ने नई दिल्ली के साथ आर्थिक संबंधों को और गहरा करने के वॉशिंगटन के प्रयासों को बढ़ाने की बात कही. उन्होंने 2026 के SelectUSA Summit से पहले, 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार को दोगुना करके $500 अरब तक पहुचाने के लक्ष्य को फिर से दोहराया. सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट में गोर ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई मुलाकात को एक ‘शानदार शाम’ बताया. उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार सहयोग को मजबूत करने के प्रयासों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि अमेरिका वैश्विक निवेश को आकर्षित करने और आर्थिक विकास को बढ़ाने के लिए निष्पक्ष, संतुलित और आपसी फायदे वाले व्यापार पर ध्यान केंद्रित कर रहा है.
सार्जियो ने कहा कि बढ़े हुए सहयोग से अमेरिका में निवेश प्रवाह बढ़ने की उम्मीद है. साथ ही इससे दोनों देशों के बीच साझा समृद्धि को भी बढ़ावा मिलेगा. सार्जिया का ये बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों पक्ष प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और सेवाओं सहित कई क्षेत्रों में अपने आर्थिक जुड़ाव को बढ़ा रहे हैं.
द्विपक्षीय व्यापार और निवेश पर मिलकर करेंगे काम
SelectUSA Summit अमेरिका में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित एक प्रमुख कार्यक्रम है. इसमें भारत के साथ द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधी चर्चाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक अहम मंच के तौर पर काम करने की उम्मीद है.
पहलगाम हमले की कड़ी निंदा
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को ‘पहलगाम में हुए भयानक हमले’ की निंदा की और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वॉशिंगटन भारत के साथ खड़ा है. यह बयान इस घटना की पहली बरसी के मौके पर दिया गया.







