क्रिप्टोकरेंसी बाजार में 23 फरवरी को कमजोरी देखने को मिल रही है. दुनिया की सबसे पुरानी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन एशियाई कारोबार के दौरान 65,000 डॉलर से नीचे फिसल गई. यह करीब आठ महीने का न्यूनतम लेवल है. कॉइनमार्केटकैप के अनुसार शुरुआती ट्रेडिंग में यह गिरावट दर्ज की गई है.
जानकारों का मानना है कि, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की टैरिफ नीति को लेकर बनी अनिश्चितता इस बड़ी गिरावट की वजह हो सकती है. जिसने निवेशकों को सतर्क कर दिया है.
क्या बिटकॉइन और गिरेगी?
सीएनबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, मार्केट के पंडितों की मानें तो यह तो बस ट्रेलर है. 10xरिसर्च के मार्कस थिएलन का कहना है कि यह एक क्लासिक ‘बेयर मार्केट’ है. उन्होंने डराने वाली भविष्यवाणी की है कि बिटकॉइन अभी $50,000 तक और गिर सकता है. निवेशकों का भरोसा डगमगा चुका है और लिक्विडिटी सूख रही है. बीटीएसई के सीओओ जेफ मेई के मुताबिक, टैरिफ दरों में इस अचानक बढ़ोतरी ने निवेशकों को इतना डरा दिया है कि वे अपनी क्रिप्टो परिसंपत्तियां कौड़ियों के भाव बेचकर भाग रहे हैं.
बिटकॉइन की कीमतों पर भारी दबाव
कॉइनमार्केटकैप के अनुसार 23 फरवरी की सुबह करीब 11:35 बजे बिटकॉइन की कीमत 65,037.51 डॉलर दर्ज की गई है. पिछले 1 घंटे में इसमें 0.47 फीसदी की हल्की बढ़त देखने को मिली. जबकि बीते 24 घंटों में यह 4.29 प्रतिशत टूट गया है.
आंकड़ों की बात करें तो, इतनी बड़ी गिरावट के बाद बिटकॉइन अपने पिछले 8 महीने के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है. वहीं पिछले 7 दिनों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो बिटकॉइन में 4.84 फीसदी की गिरावट है. बिटकॉइन की कीमतों में आई कमी से निवेशकों के बीच निराशा का माहौल है.
एथेरियम और टीथर का हाल
एथेरियम 1,865.01 डॉलर पर ट्रेड कर रही थी. पिछले 24 घंटे में यह 5.52 फीसदी टूट गई है. साप्ताहिक आधार पर एथेरियम 4.68 प्रतिशत नीचे फिसल गया है. दूसरी ओर टीथर की कीमत 0.9998 डॉलर है. कीमतों में पिछले 24 घंटे में 0.02 फीसदी और पिछले 7 दिनों में 0.03 प्रतिशत की मामूली उतार-चढ़ाव देखा गया है. जिससे इसकी स्थिरता बनी हुई है.
सोलाना और बीएनबी भी फिसले
सोलाना की कीमत 77.78 डॉलर दर्ज की गई है. पिछले 24 घंटे में इसमें 8.43 फीसदी की कमजोरी और 7 दिनों में 8.12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज गई है. वहीं बीएनबी 593.58 डॉलर पर ट्रेड कर रही है. आखिरी 24 घंटे में यह 4.14 प्रतिशत टूट गई है. वहीं, पिछले 7 दिनों की बात करें तो इसमें करीब 3 फीसदी की गिरावट है.







