संसद का बजट सत्र बीते 28 जनवरी से शुरू हो चुका है। पहले दिन भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इसके बाद 1 फरवरी केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आम बजट 2026 को पेश किया। इसके बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो चुकी है। चर्चा के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर काफी हंगामा देखने को मिला है और सदन को कई बार स्थगित किया गया है। इस बीच अब बुधवार 4 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देने वाले हैं।
राहुल गांधी के बयान पर हंगामा, आठ लोकसभा सांसदों को निलंबित किया गया
लोकसभा में हंगामे के बाद कांग्रेस सांसद और सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि विपक्ष के नेता को संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है। हंगामे और शोरगुल के बीच लोकसभा के वेल में घुसकर स्पीकर के आसन की तरफ कागज उछालने वाले आठ सांसदों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही भी की गई। मंगलवार दोपहर करीब 3.03 बजे सात कांग्रेस और एक सीपीएम सांसद को पूरे बजट सत्र से निलंबित कर दिया गया। पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने तीन बजे कार्यवाही शुरू होने के बाद आठों सांसदों के नामों का उल्लेख किया। इसके बाद संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने प्रस्ताव रखा कि संसदीय मर्यादा को तार-तार करने वाले इन आठ सांसदों को नियमों के अंतर्गत पूरे सत्र से निलंबित कर दिया जाए।







