प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार के दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को पटना आएंगे। इस दौरान वे पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे प्रदेश को कई अन्य बड़ी सौगात भी देंगे। पीएम मोदी के बिहार आगमन को लेकर एक ओर जहां बीजेपी और जदयू तैयारियों में जुटी हुई है। वहीं, दूसरी तरफ राजद ने पीएम मोदी के बिहार दौरे पर निशाना साधा है।
चुनाव के समय पीएम को आ रही बिहार की याद: RJD
राजद को यह जानने की उत्सुकता है कि आखिरकार चुनाव के समय ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बिहार की याद क्यों आती है। बुधवार को पार्टी के प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि प्रधानमंत्री को यह बताना चाहिए कि आपने पिछले दौरे में बिहार के लिए जो वादे-घोषणाएं किए, उनका क्या हुआ?
11 साल में बिहार को क्या दिया?
प्रधानमंत्री क्या यह बताएंगे कि अपने 11 वर्षों के शासन-काल में बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए क्या पहल की और पहले से विकसित गुजरात को कितना कुछ दिया। 27 फरवरी, 2023 को विधानसभा के सेंट्रल हाल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार पर बिहार की हकमारी का आरोप लगाया था। उसके बाद प्रधानमंत्री अनेक बार बिहार आए, लेकिन उन्होंने उस आरोप का कोई उत्तर नहीं दिया।
अर्से से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और स्पेशल पैकेज दिए जाने की मांग की जा रही है। इस बार प्रधानमंत्री क्या उसकी घोषणा करेंगे। क्या पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय दर्जा मिलेगा? इसके साथ ही राजद ने कई पीएम मोदी से कई और सवाल भी किए।







