एक्टर को मुंबई के वर्ली में परिवहन विभाग के व्हाट्सएप नंबर पर धमकी दी गई. बॉलीवुड के भाईजान को उनके ही घर में घुसकर जान से मारने की धमकी मिली है. व्हाट्सएप नंबर पर एक्टर की गाड़ी को बम से उड़ाने का संदेश भेजा गया जिसके तुरंत बाद पुलिस हरकत में आ गई. संदेश भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ वर्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया.
सलमान खान को इससे पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है. लॉरेंस बिश्नोई के साथ एक्टर की पुरानी दुश्मनी है. पिछले साल गैंगस्टर के शूटर्स ने सलमान खान के करीबी बाबा सिद्दीकी पर सरेआम गोलियां चला उन्हें जान से मार डाला.
पिछले साल अप्रैल में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर गोलियां चली थीं जिसके बाद एक्टर ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को देखते हुए अपने घर को बुलेटप्रुफ कराया था.
रविवार देर रात भेजे गए इस मैसेज में लिखा है- हम सलमान खान को घर में घुसकर मारेंगे। मुंबई की वर्ली पुलिस अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2)(3) के तहत शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिछले साल 14 अप्रैल को सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में फायरिंग हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। इस केस में पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक आरोपी ने खुदकुशी कर ली है।
सलमान ने धमकियों पर कहा था- जितनी उम्र लिखी, उतना जिएंगे
लॉरेंस गैंग से लगातार मिल रही धमकियों पर सलमान खान ने कुछ समय पहले ही पहली बार चुप्पी तोड़ी। फिल्म ‘सिकंदर’ की प्रेस मीट में एक्टर ने कहा कहा था-
भगवान-अल्लाह ने जितनी उम्र लिखी होगी, उतनी जरूर जिएंगे।

सिक्योरिटी बढ़ाई जाने पर सलमान ने कहा, ‘कभी-कभी इतने लोगों को साथ लेकर चलने से दिक्कत हो जाती है।’
सलमान को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा, 24 घंटे 11 जवान साथ
- 2023 में लॉरेंस गैंग से धमकी मिलने के बाद ही सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। 11 जवान हर समय साथ रहते हैं, इसमें एक या दो कमांडो और 2 PSO भी शामिल होते हैं।
- सलमान की गाड़ी के आगे और पीछे एस्कॉर्ट करने के लिए दो गाड़ियां हमेशा रहती हैं। इसके साथ-साथ सलमान की गाड़ी भी पूरी तरह बुलेटप्रूफ है।
- गैलेक्सी अपार्टमेंट में हुई फायरिंग के बाद जनवरी में सलमान के अपार्टमेंट की बालकनी बुलेटप्रूफ कर दी गई है। साथ ही हाई रिजोल्यूशन कैमरे भी चारों तरफ लगाए गए हैं।
14 अप्रैल को गैलेक्सी अपार्टमेंट में हुई 4 राउंड फायरिंग
ठीक एक साल पहले 14 अप्रैल को सुबह करीब 5 बजे सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में 7.6 बोर की बंदूक से 4 राउंड फायरिंग हुई थी। इस समय सलमान खान घर में ही मौजूद थे।
दिल्ली में हुए इवेंट का हिस्सा बने सलमान खान
शनिवार यानी 12 अप्रैल को सलमान खान एक इवेंट के सिलसिले में दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें टाइट सिक्योरिटी में देखा गया। सलमान की सिक्योरिटी टीम के हेड शेरा इस दौरान काफी गुस्से में नजर आए थे।
पिछले साल नवंबर में सिकंदर की शूटिंग की
सलमान ने धमकियों के बीच अपनी फिल्म सिकंदर की शूटिंग की थी। सिक्योरिटी के चलते उनके सेट पर भी सिक्योरिटी बढ़ाई गई थी। किसी भी बाहरी व्यक्ति को सेट पर आने की इजाजत नहीं थी। सिकंदर 31 मार्च को रिलीज हुई। हालांकि, सलमान की पिछली फिल्मों के मुकाबले सिकंदर की रिपोर्ट कुछ खास नहीं रही।
इस फिल्म को गजनी डायरेक्ट कर चुके एआर मुरुगदास ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में सलमान, रश्मिका मंदाना लीड रोल में हैं, जबकि काजल अग्रवाल, शरमन जोशी और प्रतीक बब्बर भी अहम किरदारों में हैं।







