दिल्ली में BJP की दमदार एंट्री हो चुकी है. 27 साल का वनवास समाप्त करते हुए भाजपा ने दिल्ली में भगवा लहरा दिया है. दिल्ली वालों ने आम आदमी पार्टी (AAP) को ऐसे नकारा कि पार्टी के नंबर-1 नेता अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal), नंबर-2 नेता मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) तक चुनाव हार गए. दिल्ली में भाजपा को मिली प्रचंड जीत पर पीएम मोदी ने कहा कि विकास और सुशासन की जीत हुई. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि हम दिल्ली के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे. यह गारंटी है. दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल ने हार स्वीकार कर ली है. केजरीवाल ने कहा हम हार स्वीकार करते हैं.
दिल्ली विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बंपर बहुमत मिल चुका है. इसी के साथ माना जा रहा है कि बीजेपी का 27 साल का सूखा खत्म हो गया है. रुझानों में बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 7.30 बजे बीजेपी मुख्यालय जाएंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.
बीजेपी प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को ग्रैंड में बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है. इसको लेकर दिल्ली बीजेपी में बड़ी बैठक हुई है. इस बैठक में दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, राज्य के प्रभारी बैजनाथ पांडा, सह प्रभारी अतुल गर्ग, भाजपा के सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, दिल्ली भाजपा के संगठन मंत्री पवन राना, दिल्ली भाजपा के महासचिव विष्णु मित्तल और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह बैठक में मौजूद हैं.
समर्थकों ने की जश्न की शुरुआत
दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत शनिवार को जारी मतगणना के रूझानों में निर्णायक बढ़त मिलते ही राजधानी स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय में समर्थकों ने जश्न की शुरुआत कर दी. समर्थकों ने ढोल बजाकर नृत्य किया और पार्टी के झंडे लहराए. भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के ‘कटआउट’ पकड़े हुए समर्थकों ने एक-दूसरे को भगवा रंग भी लगाया. नवीनतम रुझानों के अनुसार, दिल्ली की 70 विधानसभा सीट में से भाजपा 46 जबकि आम आदमी पार्टी (आप) सीट 24 पर आगे है.
वीरेंद्र सचदेवा ने कही ये बात
शुरुआती रुझानों में भाजपा को महत्वपूर्ण बढ़त मिलती दिखने के बाद, पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने विश्वास जताया कि भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा और इस बारे में फैसला केंद्रीय नेतृत्व लेगा.उन्होंने कनॉट प्लेस में हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘अब तक के नतीजे हमारी उम्मीदों के अनुरूप हैं, लेकिन हम अंतिम परिणाम का इंतजार करेंगे.’’भाजपा पिछले 26 साल से दिल्ली की सत्ता से बाहर है.
दिल्ली के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटीः पीएम मोदी
दिल्ली में भाजपा की जीत पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा- जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता. दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को बीजेपी को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार.
पीएम मोदी ने आगे लिखा- दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है. इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो.
मुझे बीजेपी के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया. अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे.
जनशक्ति सर्वोपरि!
विकास जीता, सुशासन जीता।
दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को @BJP4India को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार।
दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम…— Narendra Modi (@narendramodi) February 8, 2025
दिल्ली में भाजपा के आप के कई महारथियों धूल चटा दी है. अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, अवध ओझा सहित कद्दावर नेता हार गए. हालांकि कालकाजी सीट पर लगातार पिछड़ने के बाद भी आतिशी चुनाव जीत गई. मालूम हो कि दिल्ली का पहला रुझान भाजपा के पक्ष में गया था. जिसके बाद भाजपा ने लगातार अपनी बढ़त बनाई रखी.
अभी तक रुझान की बात करें तो भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही है. इसमें कई सीटों पर भाजपा चुनाव जीत चुकी है. वहीं आप 22 सीटों पर आगे चल रही है या चुनाव जीत चुकी है. दिल्ली के रुझानों पर भाजपा खेमे में खुशी की लहर है. शाम 7.30 बजे पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.
3182 वोटों के अंतर से प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल को हराया
नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल भी हार गए हैं. केजरीवाल 3182 वोटों के अंतर से प्रवेश वर्मा से चुनाव हार गए. जंगपुरा में मनीष सिसोदिया हार गए हैं. दिल्ली में कुल विधानसभा सीटें 70 हैं. यहां बहुमत का आंकड़ा 36 है. ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा को आप पर बढ़त दिखाई गई है. जो अब सही साबित होती नजर आ रही है.







