इजरायल का अपने दुश्मनों के खिलाफ ताबड़तोड़ हमला जारी है. अब लेबनान के चरमपंथी संगठन हिजबुल्लाह के अल-हज रदवान फोर्स के एक टॉप कमांडर को ढेर कर दिया. हिजबुल्ला ने कसाब की मौत की पुष्टि की है. हालांकि उसके पद या रैंक के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.
इजरायली सेना ने ड्रोन हमले की फुटेज जारी की है और दावा किया कि इसमें हुसैन इब्राहिम कसाब को मार गिराया गया था. ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, कसाब उस वक्त मोटरसाइकिल से जा रहा था. वह लेबनान के टायर शहर से गुजर रहा था, तभी इजरायल ने ड्रोन अटैक में उसे मार गिराया. इजरायली सेना का कहना है कि 7 अक्टूबर से अब तक हिजबुल्ला के 412 आतंकी मारे जा चुके हैं. कसाब भी उन्हीं मे से एक है.
हिजबुल्लाह ने दागे 55 रॉकेट
इस बीच हिजबुल्लाह ने शनिवार को उत्तरी इजरायल पर 55 रॉकेट दागे. यह हमला इजरायली हवाई हमले के जवाब में किया गया. इजरायली हमले में दक्षिणी लेबनान के नबाटिया शहर के पास 10 लोगों की मौत हो गई थी. इजरायली सेना का कहना है कि हिजबुल्ला के कुछ रॉकेट खुले इलाकों में गिरे जबकि अन्य ने कई जगहों पर आग लगा दी.
इजरायल ने गाजा में की बमबारी
उधर इजरायली सेना ने बताया है कि उसने सेंट्रल गाजा में 40 ठिकानों पर बमबारी की है. ये कार्रवाई हमास के उस दावे के बाद की गई कि उसके लोगों ने दक्षिण गाजा में कुछ इजरायली सैनिकों को मार डाला है और घायल कर दिया है. इजरायली सैन्य प्रवक्ता अविचाय एड्रै ने शनिवार को एक प्रेस बयान में कहा कि इजरायली विमानों ने पिछले कुछ घंटों में गाजा पट्टी में 40 “आतंकवादी ठिकानों” पर हमला किया, जिसमें सैन्य भवन, हथियार डिपो और अन्य शामिल हैं.
वहीं सिन्हुआ समाचार एजेंसी ने बताया कि एक अलग बयान में, इजरायली सेना ने सेंट्रल गाजा में माघाजी शरणार्थी शिविर में रह रहे लोगों से तुरंत हटने को कहा। यहां से इजरायल की ओर राकेट दागे गए थे. उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों से हमास द्वारा लगातार रॉकेट दागे जाने के कारण हटने के लिए कहा गया, नहीं तो सेना बलपूर्वक हटाएगी.
हमास ने किया जरायली सैनिकों को मारने का दावा
इस बीच, हमास की सशस्त्र शाखा अल-क़स्साम ब्रिगेड ने शनिवार को दावा किया कि उसके लोगों ने गाजा शहर के दक्षिण में कुछ इजरायली सैनिकों को मार डाला और घायल कर दिया. प्रेस बयान में कहा गया, ‘हमारे लोगों ने गाजा शहर के दक्षिण में ताल अल-हवा में यूनिवर्सिटी कॉलेज के आसपास इजरायली सेना के दो वाहनों में बम विस्फोट किए.’ बयान में कहा गया कि हमास के लोगों ने मशीनगनों से सैनिकों के साथ संघर्ष किया, जिसमें कुछ इजरायली सैनिक मारे गए और कुछ घायल हो गए. जरायली सेना ने अभी तक इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
इजरायली कान टीवी समाचार ने बताया कि गाजा में एक घटना में 11 इजरायली सैनिक घायल हो गए, लेकिन उसने कोई और जानकारी नहीं दी. उधर गाजा स्थित स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को एक बयान में कहा कि पिछले 48 घंटों के दौरान, इजरायली सेना ने 69 लोगों को मार डाला है और 136 अन्य को घायल कर दिया है, जिससे अक्टूबर 2023 में फिलिस्तीनी-इजरायल संघर्ष शुरू होने के बाद से कुल मौतों की संख्या 40,074 और घायलों की संख्या 92,537 हो गई है.







