PM नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव-2024 की आखिरी रैली को संबोधित कर रहे हैं। यह फतेह रैली पंजाब के होशियारपुर में हो रही है। होशियारपुर से BJP ने केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश की पत्नी अनीता सोमप्रकाश को उम्मीदवार बनाया है।
इससे पहले मोदी पंजाब में पटियाला, जालंधर और गुरदासपुर में रैली कर चुके हैं। इस रैली के बाद वे ध्यान के लिए कन्याकुमारी रवाना हो जाएंगे। यहां वे रॉक मेमोरियल का दौरा कर ध्यान साधना करेंगे। स्वामी विवेकानंद ने भी यहीं ध्यान किया था। 1 जून को होने वाली मतगणना तक वे वहीं रहेंगे।
पीएम बोले- गुरू रविदास की भावना हमारी सरकार की कार्य संस्कृति
पीएम मोदी ने कहा- गुरू रविदास जी कहते थे, ऐसा चाहूं राज में, जहां सभी को मिले अन्न.. बीते दस सालों में हमने गरीब से गरीब मुफ्त अनाज व इलाज की सुविधा दी है। आज किसी भी गरीब मां या महिला को भूखे पेट नहीं सोना पड़ता है। इसी तरह बीमारी नहीं छुपानी पड़ती है। उसके पास राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड है। गुरू रविदास जी ऐसा समाज चाहते थे, जहां किसी तरह का भेदभाव न हो।
पंजाबी कह रहे- फिर एक बार, मोदी सरकार
मोदी ने कहा कि यह दमदार सरकार है। दमदार सरकार जो दुश्मनों के छक्के छुड़ा दे, दमदार सरकार जो दुश्मन के घर में घुसकर मारे, दमदार सरकार जो भारत को विकसित बनाए। इसलिए पंजाब भी कह रहा है- एक बार फिर मोदी सरकार।
पीएम बोले- विदेशों में भारतीयों की इज्जत बढ़ी
आज हर भारतीय विकसित भारत के सपने के साथ जुड़ गया। इसलिए हर देशवासी हमें आशीर्वाद दे रहा है। मैंने लाल किले से कहा था कि 21वीं सदी भारत की सदी होगी। जब विदेशों में जाते है तो लोग देखते है कि भारतीय इज्जत कितनी बढ़ गई। जब देश में दमदार सरकार होती हैं, तो विदेशी सरकार भी हमारा दम देखती है। वीरों की धरती पंजाब से भला इस चीज को कौन जान सकता है। मोदी ने कहा कि मैं भी पूरी ईमानदारी से देश की सेवा में जुटा हुआ है। इसलिए देश की जनता मेरे साथ है। मैं पूरे देश में जाकर आया है। लोगों ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाना पक्का कर लिया है। दशकों बाद ऐसा समय आया है कि पूर्ण बहुमत वाली सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है।
पीएम बोले- होशियारपुर में चुनाव अभियान संपन्न होना सौभाग्य
2024 के चुनाव प्रचार की मेरी यह अंतिम सभा है। मैं मां चिंतपुर्णी, मां नयनादेवी और गुरु गोबिंद सिंह जी सिर झुकाकर नमन करता हूं। हमारे होशियापुर को छोटी काशी कहा जाता है। यह रविवास जी की तपोभूमि है। काशी जहां से मैं सांसद हूं वहां रविदास का जन्म हुआ था। होशियारपुर में चुनाव अभियान संपन्न होना मेरे लिए सौभाग्य से कम नहीं है।
जाखड़ बोले- जिसे ED का समन आता है, वह होशियारपुर आ जाता है
पंजाब BJP प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि होशियारपुर की धरती शिक्षा के क्षेत्र के नाम से जानी जाती रही है। कुछ दिनों से होशियारपुर में नया टूरिज्म सेंटर बना है। जिसे भी इडी का समन आता है। वह यहां आता है। केजरीवाल को ईडी का जब 7वां समन आया था तो वह यहां विपासना के लिए आए थे।
लोकसभा हलका श्री आनदंपुर साहिब से उम्मीदवार सुभाष शर्मा मंच से संबोधित कर रहे है। उन्होंने दावा किया है कि जितना प्यार मुझे शहरों में मिला है। उससे ज्यादा गांवों में मिला है। पंजाब में मोदी की लहर चल रही है। लोगों ने अब सारी पार्टियों को देख लिया है। इस बार सारे मोदी जी के साथ खड़े है।
ढाई साल में आप सरकार ने पंजाब की खस्ता हालत कर दी है। जो गारंटियां दी, वह पूरी नहीं हुई है। नशा पहले से ज्यादा बढ़ गया है। एक महीने में नशा खत्म करने का वायदा किया था। अवैध माइनिंग भी आप के मंत्रियों और विधायकों की देखरेख में हो रही है।






