दरभंगा में शनिवार को पीएम मोदी ने बीजेपी प्रत्याशी गोपालजी ठाकुर के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। पीएम ने मंच से हाथ हिला कर दरभंगा के लोगों का अभिनंदन किया। फिर मैथिली में अपना संबोधन शुरू किया।
उन्होंने कहा राजा जनक, सीता मैया के पावन मिथिला भूमि के नमन करए छी। मोदी ने भारत माता की जय और जय श्री राम भी कहा। उन्होंने कहा कि 500 साल के इंतजार को परिपूर्ण कर अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बना है।
पीएम ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान दिल्ली और महाराष्ट्र में इंडी गठबंधन की सरकार थी। इन लोगों ने बिहार के लोगों को वहां से भगा दिया। आज वही लोग आपसे वोट मांगने आ रहे है। क्या आप उन्हें माफ करेंगे?
उन्होंने कहा, जैसे दिल्ली में एक शहजादे हैं। वैसे ही बिहार में भी एक शहजादे हैं। एक ने देश तो एक ने बिहार को जागीर समझा है। दोनों के रिपोर्ट कार्ड एक जैसे हैं। इनके रिपोर्ट कार्ड में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं है। लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा, बिहार के शहजादे के पिता जी ने मुस्लिमों को आरक्षण में से कोटा निकालने की बात कही थी।
मंच पर एनडीए नेताओं के साथ सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के दौरान दरभंगा के साथ-साथ झंझारपुर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, उजियारपुर की सीट को भी साधने की कोशिश की।
लाइव अपडेट्स
मंच से शांभवी का जिक्र, पीएम बोले- इन्हें जरूर जीत दिलाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, समस्तीपुर से एनडीए की उम्मीदवार शांभवी का जिक्र करते हुए कहा कि इन्हें जरूर जीत दिलाएं और इसबार सबसे कम उम्र की सांसद बनाए। मधुबनी से प्रत्याशी अशोक यादव के लिए भी PM ने वोट मांगा। उन्होंने कहा कि जो भी जीतेगा सब मोदी के खाते में जाएगा, मोदी को मजबूती मिलेगी। मोदी पांच साल और आपकी सेवा करेगा। वोटिंग के दिन पहले मतदान फिर जलपान करें।
बिहार को लालटेन के दौर में नहीं जाने देना है
जब गोधरा में कार सेवकों को जलाया गया था, तब दोषियों को बचाने के लिए इंडी गठबंधन के लोगों ने कमिटी बनाई थी। अदालत ने उनके कमिटी की रिपोर्ट को कचरे में फेंक दिया। यहीं इनका इतिहास है। हमें बिहार को लालटेन के दौर में नहीं जाने देना है।
पीएम बोले-कांग्रेस विरासत पर फतवा टैक्स लाना चाहती है
हमें बिहार को लालटेन के दौर में वापस नहीं जाने देना है। दिल्ली वाले शहजादे नई बात लेकर आए हैं। हर मां बाप के मन में इच्छा रहती है कि मरने के बाद वो बच्चों को कुछ देकर जाए। कांग्रेस ऐसा कानून लाना चाहती है कि अब पिता के जाने के बाद बच्चों को कुछ नहीं मिलेगा। ये 55 फीसदी विरासत पर फतवा टैक्स लगाने का फैसला लाना चाहती हैं।
देश के जवानों को बांटने की कोशिश जारी
इंडी गठबंधन के लोग सेना में कौन हिंदू और कौन मुस्लिम है की बात करते है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाते है। देश के जवानों को बांटने की बात करते है।
पीएम ने लालू पर साधा निशाना
बिहार के शहजादे के पिता जी ने मुस्लिमों को आरक्षण में से कोटा निकालने की बात कही थी। रेल अधिकारियों को कहा था कि मुस्लिमों को कोटा दिया जाए। ये SC-ST का आरक्षण छीन कर मुसलमानों को देना चाहते हैं।
जंगलराज की याद दिलाई
पीएम मोदी ने कहा कि 2005 के पहले बिहार में जंगलराज था। महिलाएं बाहर नहीं निकल पाती थीं। जमीनें लिखवा ली जाती थीं। नीतीश जी बिहार के विकास के लिए काम कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, जैसे दिल्ली में एक शहजादे हैं। वैसे ही बिहार में भी एक शहजादे हैं। एक ने देश तो एक ने बिहार को जागीर समझा है। दोनों के रिपोर्ट कार्ड एक जैसे हैं। इनके रिपोर्ट कार्ड में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं है।
PM ने मैथिली में शुरू किया अपना संबोधन
PM ने मैथिली में अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा राजा जनक, सीता मैया के पावन मिथिला भूमि के नमन करए छी। मोदी ने भारत माता की जय और जय श्री राम भी कहा। उन्होंने कहा कि 500 साल के इंतजार को परिपूर्ण कर अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बना है।
इससे पहले लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 में इसी मैदान में पीएम की सभा हुई थी। एक महीने के अंदर पीएम मोदी का 5वां बिहार दौरा है।
इधर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को पीएम मोदी के दरभंगा दौरे पर निशाना साधा है। तेजस्वी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहा था कि AIIMS चालू हो चुका है। आज प्रधानमंत्री खुद आकर देख लें कि क्या स्थिति है।
कुल वोटरों की संख्या
दरभंगा में वोटरों की कुल संख्या 17 लाख 74 हजार 289 है। जबकि मुजफ्फरपुर में कुल 17 लाख 11 हजार 892 वोटर्स हैं। वहीं, झंझारपुर में 32 लाख 792 हजार, उजियारपुर में 15 लाख 69 हजार 392, समस्तीपुर में 16 लाख 79 हजार 30, मधुबनी में 30 लाख 14 हजार 211 वोटर्स हैं।
लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद कब-कब आए पीएम
पहले चरण की वोटिंग से पहले 4 अप्रैल को उन्होंने जमुई में चिराग पासवान के बहनोई अरूण भारती और 7 अप्रैल को नवादा से बीजेपी उम्मीदवार विवेक ठाकुर के पक्ष में रैली की थी।
इसके बाद 16 अप्रैल को गया में जीतन राम मांझी और पूर्णिया में संतोष कुशवाहा के लिए वोट मांगा था। 26 अप्रैल को अररिया के फारबिसगंज में प्रदीप सिंह और मुंगेर में ललन सिंह के लिए आम जनता से वोट की अपील की थी।
2014 और 2019 में NDA को मिथिलांचल में बड़ी कामयाबी मिली
लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 में भी राज मैदान में ही पीएम की सभा हुई थी। दोनों ही चुनाव में सिर्फ दरभंगा ही नहीं बल्कि, पूरे मिथिलांचल में एनडीए को बड़ी कामयाबी मिली थी। समस्तीपुर, उजियारपुर, मधुबनी, झंझारपुर, सीतामढ़ी, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र से एनडीए ने जीत हासिल की थी।
2019 के चुनाव में मिथिलांचल की हवा कोसी और सीमांचल तक पहुंची। नतीजा, एकमात्र सीट किशनगंज को छोड़कर सभी एनडीए की झोली में आ गई। दरअसल, राजनीति के मामले में दरभंगा पूरे मिथिला को ही नहीं, बल्कि कोसी क्षेत्र के सुपौल और मधेपुरा को भी प्रभावित करता है।