प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी चार महायुति उम्मीदवारों के समर्थन में सोमवार, 29 अप्रैल को महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक मेगा रैली करने वाले हैं. रैली, महा विजय संकल्प सभा, रेसकोर्स ग्राउंड में शाम 4 बजे से 9 बजे के बीच आयोजित की जाएगी. बता दें कि पुणे में लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण में 13 मई को मतदान होगा. वोटों की गिनती 4 जून को होगी.
कर्नाटक के बागलकोट में जनसभा लाइव अपडेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कर्नाटक के बागलकोट में जनसभा की। उन्होंने कहा- कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक को भी अपनी लूट का ATM बना लिया है। इतने कम समय में ही इन लोगों ने कर्नाटक का सरकारी खजाना खाली कर दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा- आज ये लोग एक झटके में गरीबी हटाने का दावा करते हैं, लेकिन इनकी 60 साल की सरकार, इनकी कई पीढ़ियों का काम गवाह है कि वंचित वर्ग के लिए इनकी मानसिकता क्या रही है? उनके दुख, उनकी तकलीफ से कांग्रेस और उनके साथियों को कोई वास्ता नहीं था।
बागलकोट के बाद मोदी महाराष्ट्र के पुणे, सातारा, सोलापुर में भी जनसभाएं करेंगे। इससे पहले मोदी ने 28 अप्रैल (रविवार) को भी कर्नाटक के बेलगावी, उत्तर कन्नड़, दावणगेरे और बेल्लारी में चार सभाएं की थीं।
मोदी की स्पीच की मुख्य बातें…
- कांग्रेस की पहचान उनके पापों के कारण बनी है। उन्होंने कर्नाटक का सरकारी खजाना खाली कर दिया है। विधायकों को विकास निधि का पैसा नहीं मिल रहा है। वो दिन दूर नहीं जब यहां की सरकार अपने अधिकारियों को पेमेंट नहीं दे पाएगी। आपके बच्चे भूखे मर जाएंगे।
- कर्नाटक में कांग्रेस सरकार नहीं चला रही। वह वसूली गैंग चला रही है। कांग्रेस के नेता अपनी तिजोरी भरना चाहते हैं। हमारे बेंगलुरु ने देश का नाम ऊंचा किया है, लेकिन कांग्रेस ने इसे टैंकर हब बना दिया है।
- हुबली में हमारी एक बेटी के साथ बहुत गलत हुआ। उसे चाकू मारा गया। वो घटना के बारे में सुनकर हर किसी का दिल दहल गया, लेकिन कांग्रेस सरकार वोटबैंक की राजनीति कर है। तुष्टीकरण के लिए कांग्रेस किसी भी हद को पार कर सकती है।
- कर्नाटक में कट्टरपंथी ताकतें बेलगाम हुई है। कोई दुकानदार अपनी दुकान के अंदर हनुमान चालीसा सुनता है तो उसपर हमला होता है। ये आतंकवाद और कट्टरवाद की मानसिकता है। कांग्रेस वोट पाने के लिए इस मेंटेलिटी को प्रोटेक्ट कर रही है।
- सोशल मीडिया के जमाने में कांग्रेस टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल कर रही है। ये लोग फेक वीडियो बना रहे हैं। मेरी आवाज लगाकर कुछ भी खबर चला रहे हैं। अगर आपको कोई भी फेक वीडियो मिलता है तो उसे भाजपा को दें। तुरंत कार्रवाई होगी।
- कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में गरीबों की चिंता नहीं की थी। उन्होंने करोड़ों लोगों को बदहाली का जीवन जीने के लिए मजबूर कर रखा था। कांग्रेस के समय 18 हजार गांव के करोड़ों लोग अंधेरे में जिंदगी गुजारते थे। रात होते ही गांव में सन्नाटा पसर जाता था। कितनी पीढ़ियों तक बच्चों को पढ़ाई के लिए रोशनी नहीं मिली।
- मोदी को अवसर दिया गया तो हमने गांव तक बिजली पहुंचाने का संकल्प पूरा किया। उस समय ये मजाक उड़ाते थे कि पहाड़, जंगल से गुजरकर गांव तक बिजली कैसे पहुंचेगी। अब मोदी ने 75 फीसदी से ज्यादा घरों तक पानी पहुंचा दिया। 5 साल में 11 करोड़ कनेक्शन दिए।
- कांग्रेस को गरीब और वंचितों की रत्ती भर चिंता नहीं होती थी। कांग्रेस का यही रवैया हमारे बॉर्डर के गांवों को लेकर रहा। जानबूझकर उन्हें विकास से वंचित रखा गया। मोदी सरकार ने सीमा पर बसे गांवों को आखिरी गांव नहीं, पहला गांव कहा और विकास किया।
पिछले सप्ताह शुक्रवार को महायुति नेताओं ने मोदी की रैली की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक की. बैठक के बाद महाराष्ट्र उच्च एवं तकनीकी शिक्षा चंद्रकांत पाटिल ने कहा, ‘पीएम नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को पुणे के रेस कोर्स में रैली करेंगे. हमें रैली में दो लाख लोगों के आने की उम्मीद है. पुणे, मावल, बारामती और शिरूर के पार्टी पदाधिकारी 29 अप्रैल को उपस्थित रहेंगे. हमने तैयारियों की समीक्षा के लिए आज एक बैठक की.’
मालूम हो कि पीएम नरेंद्र मोदी चार महायुति उम्मीदवारों – पुणे में भाजपा के मुरलीधर मोहोल, बारामती में राकांपा की सुनेत्रा पवार, शिरूर में राकांपा के शिवाजीराव अधलराव पाटिल और मावल निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना के श्रीरंग बार्ने के समर्थन में रैली करेंगे. महाराष्ट्र बीजेपी के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत पाटिल के मुताबिक रैली में करीब दो लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. पाटिल ने कहा, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे भी रैली में भाग लेंगे.
न्यूज एजेंसी एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम के बाद वह पुणे के राजभवन में रुकेंगे. मोदी की रैली के मद्देनजर महा विकास अघाड़ी (MVA) ने 29 अप्रैल को पुणे में अपनी निर्धारित सार्वजनिक बैठक 30 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दी. बैठक में उद्धव ठाकरे और शरद पवार शामिल होंगे.
बिहार में अमित शाह भरेंगे हुंकार
वहीं अमित शाह एकबार फिर से आज (सोमवार, 29 अप्रैल) को बिहार पहुंच रहे हैं. वह आज झंझारपुर और बेगूसराय में एक विशाल रैली को संबोधित करने वाले हैं. अमित शाह सुबह 11 बजे पटना पहुंचेंगे. वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए जनसभा स्थल तक जाएंगे. वह सुबह 11.45 बजे झंझारपुर में स्थित लक्ष्मी नारायण दुर्गा मंदिर मैदान लौकहा में एक आमसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद शाह दोपहर 1.45 बजे के करीब बेगूसराय के जीडी कॉलेज मैदान में बीजेपी प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे.







