लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मध्यप्रदेश की 6 सीटों छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, शहडोल और सीधी पर वोटिंग हो रही है। इन 6 सीटों पर 1.13 करोड़ से ज्यादा मतदाता 88 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। जबलपुर सीट पर सबसे ज्यादा 19 प्रत्याशी और सबसे कम 10 प्रत्याशी मंडला सीट पर हैं। शहडोल के एक नक्सल प्रभावित बूथ पर सुबह 10 बजे के पहले 100% वोटिंग हो गई। यहां 80 वोटर हैं। सभी 6 सीटों पर 11 बजे तक 30.46% मतदान हुआ। उधर, शहडोल, बालाघाट और सीधी के बूथों पर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया।
मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ जो शाम 6 बजे तक चलेगा। नक्सल प्रभावित बालाघाट के 3 विधानसभा क्षेत्र परसवाड़ा, लांजी और बैहर में सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। नक्सल गतिविधियों के मद्देनजर जबलपुर में एयर एंबुलेंस और बालाघाट में हेलिकॉप्टर भी रखा गया है।
उत्तराखंड की 5 लोकसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। 11 बजे तक 24.83% वोटिंग हुई। एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला मुंबई से वोट डालने कोटद्वार के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सितापुर पहुंची। वोट डालने के बाद उर्वशी मुंबई लौट गईं। वहीं, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी पत्नी के साथ वोट डाला।
CM पुष्कर सिंह धामी ने पहले मंदिर में पूजा की, फिर खटीमा स्थित नगरा तराई मतदान केंद्र पर लाइन में लगे। पत्नी गीता धामी और माता के साथ वोट डाला। पौड़ी गढ़वाल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रणाकोट में दुल्हन और दूल्हे ने वोट डाला। टिहरी गढ़वाल, गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल-उधमसिंह नगर और हरिद्वार सीट पर कुल 55 प्रत्याशी मैदान में हैं।
वोटिंग से जुड़ी 3 तस्वीरें-
यूपी में लोकसभा की 8 सीटों पर पहले फेज की वोटिंग चल रही है। सुबह 11 बजे तक यानी 4 घंटे में 25.20% मतदान हुआ। सहारनपुर से सबसे ज्यादा 29.84%, जबकि रामपुर में सबसे कम 20.71% वोटिंग हुई है। पहले फेज में सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी।
मुजफ्फरनगर से सपा विधायक पंकज मलिक की गाड़ी सीज कर दी गई। इसके बाद उन्हें ऑटो से जाना पड़ा। मुरादाबाद में बुर्के वाली वोटर्स को चेक करने के लिए बूथों को बाहर बुर्का पहने महिला कर्मचारी तैनात की गई हैं। 8 सीटों पर 80 प्रत्याशी मैदान में हैं।
1.44 करोड़ मतदाता प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनावी मैदान में 2 मंत्री और सांसद भी हैं। 80 में सिर्फ 6 महिला कैंडिडेट हैं। हाई प्रोफाइल सीट की बात करें तो पीलीभीत में वरुण गांधी का टिकट कटने के बाद भाजपा ने योगी सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद मैदान में है। उनका मुकाबला सपा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार से है।
मुजफ्फरनगर में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और सपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक के बीच मुकाबला है। रामपुर में पहली बार आजम खान के परिवार का सदस्य चुनाव नहीं लड़ रहा है। यहां से सपा ने दिल्ली की जामा मस्जिद के इमाम मोहिबुल्ला नदवी और भाजपा ने घनश्याम लोधी को मैदान में उतारा है।
2019 के लोकसभा चुनाव में पहले चरण की 8 में 3 भाजपा, 3 बसपा और 2 सपा ने जीतीं थीं।
कटंगी क्षेत्र के नांदी के मतदान केंद्र क्रमांक 67 के बूथ नंबर 01 में ईवीएम में आई खराबी आने से करीब आधा घंटा तक मतदान प्रभावित हुआ। प्रशासन की ओर से भेजी गई तकनीकी टीम ने ईवीएम को सुधारा।
जबलपुर में मतदान केंद्र – 173 (विधानसभा 101-पनागर) के पीठासीन अधिकारी रतन कुमार (चार्जमेन विहिकल कैरिज फैक्ट्री जबलपुर) को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारी ने पोलिंग बूथ के अंदर की फोटो क्लिक करवाकर अपने वॉट्सएप नंबर से वाट्सएप ग्रुप महर्षि वाल्मीकि एकता क्लब में पोस्ट की थी। सेक्टर अधिकारी हेमंत अमहिया ने मोबाइल जब्त कर शिकायत सही होने की पुष्टि की।