पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह को दिल्ली एनसीआर में कोहरा छाया रहा, लेकिन उतना नहीं जितना कल था। बढ़ती ठंड और कोहरे के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क यातायात के साथ ही रेलवे और हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं हैं। कई ट्रेनें, उड़ानें देरी से चल रही हैं। वहीं, दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में विजिबिलिटी 0-50 मीटर तक है। 28 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे सफदरजंग में 50 मीटर और पालम में 25 मीटर दृश्यता दर्ज की गई है।
उधर, UP के 32 जिलों में फॉग का रेड अलर्ट है। इन शहरों में विजिबिलिटी कहीं जीरो तो कहीं 5-10 मीटर तक पहुंच गई। 5 जिलों में स्कूल बंद कर दिए हैं। वहीं, MP के 6 शहरों में ओले गिरने की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते 2 दिन में UP, राजस्थान और पंजाब में कोहरे की वजह से हुए सड़क हादसे में 17 लोगों की जान चली गई और 46 लोग घायल हो गए।
घने कोहरे की वजह से उड़ानों पर भी असर पड़ रहा है। दिल्ली हवाईअड्डा एफआईडीएस के मुताबिक, दिल्ली हवाईअड्डे पर (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) आगमन और प्रस्थान करने वाली लगभग 134 उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। वही भारतीय रेलवे के अनुसार, दिल्ली क्षेत्र में 22 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
इससे पहले, कोहरे के कारण मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक करीब 30 अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें प्रभावित हुईं। इस दौरान पालम एयरपोर्ट पर 50 मीटर और सफदरजंग एयरपोर्ट पर 125 मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई। स्थिति दोपहर 12 बजे के बाद सामान्य हुई। वहीं, सुबह ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित हुई। राजधानी व वंदे भारत जैसी ट्रेनें घंटों की देरी से या तो रवाना हुईं या देरी से दिल्ली पहुंचीं। 50 से अधिक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। इससे लोगों का काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घने कोहरे के कारण 11 विमानों को जयपुर और एक विमान को लखनऊ के लिए डायवर्ट किया गया। दृश्यता में सुधार के बाद दोपहर 12 बजे तक सभी विमानों को दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस लैंड कराया गया।
बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रहा, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। सुबह से ही घना कोहरा छाने से धूप खिली। कोहरे का असर सुबह 11 बजे तक रहा।
गाजियाबाद में बदला स्कूलों का समय
कोहरे के चलते गाजियाबाद में स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजियाबाद ने कक्षा 1 से आठवीं तक के सभी स्कूल सुबह 10 बजे से 3 बजे तक संचालित करने का आदेश दिया है।
MP-राजस्थान समेत 14 राज्यों में अलर्ट
IMD ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत 14 राज्यों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के अलावा पंजाब और हरियाणा में भी रेड अलर्ट है। पंजाब से सटे हरियाणा के अंबाला, पेहोवा, कैथल, शाहाबाद और गुहला में सुबह 8 बजे विजिबिलिटी 10 से 50 मीटर तक रही।
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 28 दिसंबर तक घने कोहरे का अनुमान है। 29 दिसंबर से 30 दिसंबर तक हल्का कोहरा छाया रहेगा।
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन में भी धुंध छाई रही। IMD के मुताबिक, MP में 30 दिसंबर से 4 जनवरी तक बारिश के साथ ओले गिरने के आसार हैं।
कश्मीर के कई इलाकों में तापमान -5°C
कश्मीर के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से माइनस तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। घने कोहरे की वजह से श्रीनगर और इसके आसपास के इलाकों में विजिबिलिटी दूसरे दिन भी 50 मीटर से कम रही।
अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग जिले के पहलगाम में अमरनाथ यात्रियों के लिए शिविर बनाए गए हैं। यहां का तापमान माइनस 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस था।
30 दिसंबर तक छाया रहेगा घना कोहरा
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा। यहां विजिबिलिटी रेंज 50 मीटर तक रहने का अनुमान है।
अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का अनुमान
निजी वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। देश में 29 दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। 29 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है।
गंगा के मैदानी इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे का अनुमान है। अगले 2 दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।