राजद अध्यक्ष लालू यादव शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर पहुंचे और उनसे INDIA गठबंधन में सीट शेयरिंग समेत कई मसलों पर बातचीत की। जाति आधारित गणना की रिपोर्ट जारी होने और राज्य में संख्या के मसले पर टॉप पर यादव जाति के पुष्ट होने के बाद लालू की सीएम से यह पहली मुलाकात थी।
पिछले कुछ दिनों से बिहार INDIA गठबंधन की इन दो महत्वपूर्ण नेताओं के बीच मुलाकात का सिलसिला काफी बढ़ गया है। हाल में जब लालू प्रसाद दिल्ली में थे तो नीतीश कुमार राबड़ी आवास जाकर तेजस्वी यादव से मिले थे। दोनों नेताओं की मुलाकात उस समय हो रही है जब जातीय गणना के बाद से बयानबाजी का दौर चल पड़ा है। ऐसे में दोनों की मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
शनिवार की रात राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सीएम नीतीश कुमार से मिलने सीएम आवास एक अणे मार्ग पहुंच गए। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले लालू और नीतीश कुमार लगातार मुलाकात कर रहे हैं। सियासी गलियारे में इसे सीट शेयरिंग की कवायद माना जा रहा है। हालांकि कई और तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।







