आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद भाजपा और AAP में सियासी हमले शुरू हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने कहा है कि धमकियों से डरेंगे नहीं, छापे में एक रुपया भी नहीं मिला है। भाजपा ने फिल्मी अंदाज में ‘दो कैदी’ नाम से पोस्टर भी जारी कर दिया है। प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि सरकारी गवाह दिनेश अरोड़ा ने संजय सिंह को लेकर कई खुलासे किए हैं। उधर, रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग उन पर हंस रहे हैं। ठाकुर ने कहा, ‘लोग अरविंद केजरीवाल जी के ऊपर हंस रहे हैं और उनके चेहरे का तनाव देख रहे हैं। जिसका उपमुख्यमंत्री जेल में हो, जिसके स्वास्थ्य मंत्री जेल में हो, जिनका शिक्षा मंत्री जेल में हो। जिसकी पार्टी के सांसद से लेकर विधायक तक जेल में हों।’
मोदी सरकार में मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि ये वो लोग हैं कि जो इंडिया अगेस्ट करप्शन का नारा देकर आए थे और भ्रष्टाचार में डूबे हुए पाए गए हैं। एक के बाद दूसरा उनका नेता… पंजाब में इनकी सरकार बनी दो महीने के अंदर आम आदमी पार्टी के स्वास्थ्य मंत्री को भ्रष्टाचार के चलते इस्तीफा देना पड़ा। श्रीमान अरविंद केजरीवाल के पास जवाब नहीं है कि इस शराब घोटाले में इनको जो शर्मसार होना पड़ा है। उपमुख्यमंत्री से लेकर बाकी भी जेल गए हैं लेकिन अभी किंगपिन (सरगना) बाहर है। सरगना का भी नंबर आएगा। जांच चल रही है। जिस-जिस को ईमानदारी का सर्टिफिकेट आज तक श्रीमान अरविंद केजरीवाल बांटते रहे, वो 1-1 साल से जेल में हैं। केजरीवाल जी को किसने अधिकार दिया ईमानदारी के सर्टिफिकेट बांटने का? सत्येंद्र जैन जेल में है, मनीष सिसोदिया जेल में है, संजय सिंह जा रहे हैं और अगली किसकी बारी है ये मीडिया की हेडलाइन बनने की तैयारी है।
एक दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) से यह बताने को कहा था कि राजनीतिक दल (आम आदमी पार्टी) जो कथित तौर पर दिल्ली आबकारी नीति ‘घोटाले’ का लाभार्थी है, उसे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी क्यों नहीं बनाया गया है? ईडी ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी ने 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों में अपने प्रचार अभियान के लिए रिश्वत के रूप में प्राप्त 100 करोड़ रुपये का इस्तेमाल किया। इसके बाद से चर्चा है कि आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।







