भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल और सीनियर एडवोकेट हरीश साल्वे ने 68 साल की उम्र में त्रिना नाम की युवती से लंदन में शादी कर ली है। इस हाई प्रोफाइल शादी में उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी ने भी शिरकत की।
IPL के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी अपनी गर्लफ्रेंड और मॉडल उज्ज्वला राउत के साथ पहुंचे थे। वहीं, रिसेप्शन में सुनील मित्तल, एलएन मित्तल, एसपी लोहिया, गोपी हिंदुजा सहित कई दूसरे बड़े बिजनेसमैन ने भी शिरकत की।

पहली पत्नी से साल 2020 में 38 साल का रिश्ता टूटा
हरीश साल्वे की यह तीसरी शादी है। साल्वे और उनकी पूर्व पत्नी मीनाक्षी ने शादी के 38 साल बाद जून 2020 में तलाक ले लिया था। पहली पत्नी से उनकी दो बेटियां हैं। 2020 में साल्वे ने कैरोलिन ब्रॉसार्ड से दूसरी शादी की थी।
साल्वे केंद्र सरकार की नवगठित वन नेशन-वन इलेक्शन कमेटी के सदस्य हैं। 1999 से 2002 के बीच भारत के सॉलिसिटर जनरल के रूप में भी काम कर चुके हैं। वे देश के सबसे सफल और महंगे वकीलों में गिने जाते हैं।

साल्वे कई हाई प्रोफाइल केस लड़ चुके हैं
हरीश साल्वे टाटा ग्रुप, ITC लिमिटेड, तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता समेत कई हाई प्रोफाइल केस लड़ चुके हैं। अंबानी बंधुओं के बीच कृष्णा गोदावरी गैस बेसिन केस में हरीश साल्वे ने मुकेश अंबानी की ओर से केस लड़ा था।
साल्वे ने ही हिट एंड रन केस में अभिनेता सलमान खान को जमानत भी दिलवाई थी। कुलभूषण जाधव की ओर से मुकदमा लड़ने के लिए केवल 1 रुपया फीस लेने पर साल्वे की काफी प्रशंसा हुई थी।
ये खबर भी पढ़ें…
सुप्रीम कोर्ट में ललित मोदी के खिलाफ अवमानना केस रद्द:बिना शर्त माफी मांगी थी

सुप्रीम कोर्ट ने IPL के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी पर चल रही अवमानना की कार्रवाई को रद्द कर दिया। ललित मोदी ने जनवरी में सोशल मीडिया पोस्ट कर आरोप लगाया था कि अदालतों में मामले फिक्स होते हैं। इसपर कोर्ट ने नाराजगी जताई थी, जिसके बाद ललित मोदी ने 18 अप्रैल को न्यायपालिका पर अपने कमेंट्स के लिए बिना शर्त माफी मांगी थी।






