टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा के नाम एक और उपलब्धि दर्ज हो गई है। उन्होंने यूजीन में जारी वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस चैंपियनशिप में 19 साल बाद भारत को पदक दिलाया है। आखिरी बार भारत की महिला एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2003 में पेरिस में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।
फाइनल राउंड में नीरज चोपड़ा की शुरुआत खराब रही थी। लेकिन तीसरे और चौथे प्रयास से उन्होंने लय पकड़ी। चौथे प्रयास में नीरज ने फाइनल मुकाबले का अपना बेस्ट 88.13 मीटर का थ्रो किया और रजत पदक अपने नाम किया। उनका पहला और पांचवां अटेम्प्ट इस बीच फाउल भी रहा। वहीं ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने पांच में तीन बार 90 मीटर की लाइन पार कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। चेक रिपब्लिक के जाकूब वालडेच ने कांस्य पदक जीता।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
नीरज चोपड़ा द्वारा इतिहास रचने के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘हमारे सबसे प्रतिष्ठित एथलीटों में से एक नीरज द्वारा एक और बड़ी उपलब्धि के लिए उनको बहुत बधाई। यह भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। नीरज को उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।’
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नीरज चोपड़ा को बधाई दी है. सीएम योगी ने कहा कि आज World Athletics Championships में नीरज चोपड़ा जी ने जेवलिन थ्रो प्रतिस्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। भारत का मानवर्धन करती इस अविस्मरणीय उपलब्धि हेतु आपको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें आप पर गर्व है. केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नीरज चोपड़ा को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर बधाई दी। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने अपने ट्वीट में लिखा कि विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो में दूसरा स्थान हासिल करके भारत का मान बढ़ाया है, हरियाणा का मान बढ़ाया है। मैं अपनी ओर से और अपनी सरकार की ओर से नीरज चोपड़ा को मुबारकबाद देता हूं.
आपको बता दें कि विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के नीरज चोपड़ा ने पुरुषों के जेवलिन फाइनल में अपने चौथे प्रयास में 88.13 मीटर का थ्रो किया। जबकि ग्रेनेडियन जेवलिन थ्रोअर एंडरसन पीटर्स अपने उच्चतम स्कोर 90.54 मीटर के साथ विश्व चैंपियन बने और स्वर्ण पदक जीता। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा के रजत पदक जीतने पर हरियाणा के पानीपत में नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी ने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है, हमें उम्मीद थी कि वो मेडल जरूर जीतेगा और उसकी मेहनत पूरी हुई.