लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जमुई के सांसद चिराग पासवान ने मंगलवार को साफ कर दिया कि लोजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष मैं हूं और पार्टी मेरी है। इसके बावजूद अगर भाजपा नीत मोदी सरकार केन्द्रीय मंत्रिमंड़ल में मेरे चाचा पारस गुट से किसी को भी केन्द्रीय मंत्रिमंड़ल में शामिल किया जाता है तो उसके खिलाफ कोर्ट जायेंगे। चिराग पासवान ने सोमवार को आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करने के बाद मंगलवार को अपने निजी आवास में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि लोजपा कार्यकारिणी के ९५ प्रतिशत सदस्य मेरे साथ हैं। इसकी सूचना चुनाव आयोग से लेकर लोकसभा अध्यक्ष तक को दी गयी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन धर्म के तहत गठबंधन के सहयोगी पार्टी से किसी भी सदस्य को मंत्रिमंड़ल में शामिल करने के पहले सहयोगी दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष से बात की जाती है‚ लेकिन अभी तक इस तरह की कोई बात नहीं की गयी है। श्री पासवान ने पशुपति कुमार पारस पर सीधा हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मेरे पापा स्व. रामविलास पासवान को राजनीतिक जीवन में हमेशा परेशान और बेइज्जत करते रहे और अब मेरे चाचा पशुपति पारस नीतीश कुमार की गोद में जा बैठे हैं। उन्होंने पुराने घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि स्व. रामविलास पासवान चाहते थे कि उनकी पार्टी अपने दम पर बिहार में विधानसभा का चुनाव लड़े। इसको लेकर पार्टी संसदीय दल की बैठक में भी सभी सदस्यों की आम राय यही थी। रामविलास पासवान को स्वर्गीय हुए अभी ९ माह भी नहीं हुए कि अपनी महत्वाकांक्षा के लिए चाचा पारस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ खड़े हो गए। नीतीश कुमार ने लोजपा को कई बार तोड़़ा है। नीतीश कुमार ने मेरे पापा को राजनीति में आगे बढ़ने से रोका और उनकी राजनीतिक हत्या करने की कोशिश भी कई बार की। संवाददाता सम्मेलन में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि सोमवार को रामविलास की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ देश के कई नेताओं ने स्व. पासवान को याद किया‚ लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा उनकी पार्टी जदयू ने किसी नेता ने याद नहीं किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के संस्थापक ने बीमार रहने के कारण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ा था। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि अध्यक्ष पद पर उनका चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से हुआ था। पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ही चाचा पारस को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाकर सांसद प्रिंस राज को जिम्मेदारी दी थी। अब स्व. पासवान के नहीं रहने पर चाचा पारस बेवजह उन पर आरोप लगा रहे हैं। हाजीपुर की जनता इसका जवाब देगी। चिराग पासवान ने कहा कि मेरे पिता ने कभी कोई समझौता नहीं किया तो वे भी किसी परिस्थिति में कोई समझौता नहीं करेंगे। उनकी पार्टी लोजपा बिहार में जिस दिन २४३ सीटों पर चुनाव लड़े़गी तो मत १२ से १५ प्रतिशत होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हर उस व्यक्ति से तकलीफ होती है जो आगे बढ़ना चाहता है। कल बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से उन्हें रोका गया। दलितों को आगे बढ़ने से नीतीश कुमार को परेशानी होती है। एक सवाल के जवाब में सांसद चिराग पासवान ने कहा कि मेरे लिए मंत्री पद कोई मायने नहीं रखता और उनकी लड़़ाई बिहार की अस्मिता एवं १२ करोड़़ जनता के लिए है। बिहार में नीतीश सरकार दो साल से अधिक चलने वाली नहीं है। यह बात उन्होंने पिछले वर्ष भी चुनाव परिणाम के बाद कही थी। नीतीश सरकार की अब उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। उन्होंने दावा किया कि केन्द्रीय मंत्रिमंड़ल का विस्तार होते ही जदयू में टूट हो जायेगी।
भंगेड़ी हैं, सदन में भांग खाकर आते हैं और महिलाओं का अपमान करते हैं
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के 9वें दिन बुधवार को सदन में खूब हंगामा हुआ। विधानसभा के बाहर पूर्व CM...