भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को बिहार आएंगे। दोपहर 12 बजे पटना एयरपोर्ट पर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से सीतामढ़ी, मधुबनी और वैशाली का दौरा करेंगे। इस दौरान जिला निर्वाचन तंत्र के साथ संवाद कर निर्वाचन साक्षरता, डिजिटल सहभागिता और लोकतंत्र में नागरिकों की सार्थक भागीदारी को नई गति देंगे। सोमवार को नालंदा विवि के सुषमा स्वराज सभागार में 500 बीएलओ से बात करेंगे।
इसी दिन दोपहर 2 बजे पटना के ज्ञान भवन में निर्वाचन साक्षरता क्लब 2.0 का शुभारंभ करेंगे। साथ ही 400 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं, विवि के कुलपतियों, महाविद्यालयों के प्राचार्यों से ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म पर चर्चा करेंगे। इसका उद्देश्य मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना प्रक्रिया के व्यवहारिक बनाने के लिए ईसीआई नेट के डिजिटल ईको सिस्टम का परिचय कराना है। ज्ञानेश कुमार के साथ वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी डॉ. सीमा खन्ना सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ सहयोगी पटना पहुंचेंगे। पटना हवाई अड्डा पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल, जिलाधिकारी कुंदन कुमार उनका स्वागत करेंगे।







