बिहार कोटे से आयुष भलोटिया ने NEET UG रिजल्ट में टॉप किया। वारिसलीगंज (नवादा) के आयुष की ऑल इंडिया रैंक चार रही। बिहार के रिया रंजन छठे स्थान पर रहे। दानापुर के रविकांत दिवाकर ने 55वीं और आदित्य कुमार ने 73वीं रैंक हासिल की। क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत छात्राएं हैं।
NEET रिजल्ट में बिहार के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राज्य से परीक्षा में शामिल हुए करीब 1.50 लाख अभ्यर्थियों में से लगभग 60 प्रतिशत ने सफलता हासिल की है। सफल अभ्वर्थियों की ऑल इंडिया कोटे की काउंसिलिंग 22 जुलाई से शुरू होगी। देशभर में 138 छात्रों ने टॉप रैकर्स में जगह बनाई है। इनमें 17 छात्रों ने 705 से अधिक अंक हासिल किए हैं। इनमें चार बिहार के है।
CM सम्राट से मिली आयुष को बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘नीट-यूजी परीक्षा में बिहार के प्रतिभाशाली छात्र आयुष भालोटिया को राज्य में शीर्ष स्थान तथा अखिल भारतीय रैंक (AIR-4) प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई। आपकी यह उपलब्धि अथक परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता के प्रति आपकी प्रतिबद्धता का प्रेरणादायक उदाहरण है। मुझे विश्वास है कि आप चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सेवा-भाव से देश एवं समाज का गौरव बढ़ाएंगे। आपके उज्ज्वल, सफल एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’
NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी
दरअसल, पेपर लीक के बाद अभूतपूर्व सुरक्षा के बीच आयोजित नीट यूजी 2026 का रिजल्ट गुरुवार रात को घोषित किया गया। परीक्षा में 20 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनसे 11.21 लाख उम्मीदवार एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबद्ध मेडिकल कॉलेजों के लिए चयनित हुए हैं। पंजाब के आर्यन और हरियाणा के पांशुल ने टॉप किया, इन दोनों ने 720 में से 715 अंक हासिल किए।
बिहार से नीट यूजी परीक्षा में 140079 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें 68968 यानी करीब 49 फीसदी को कामयाबी हासिल हुई। देशभर नें 58 प्रतिशत छात्राओं जबकि, 42 फीसदी छात्रों ने सफलता पाई है। लड़कियों का सफलता प्रतिशत लड़कों से अधिक रहा। neet.nta.nic.in पर अभ्यर्थी स्कोरकार्ड देख सकते हैं।







