पटना में इस्कॉन मंदिर से भव्य रथयात्रा निकाली गई। भगवान जगन्नाथ, भाई बलदेव और बहन सुभद्रा 40 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर सवार होकर निकले।
रथयात्रा तारामंडल, इनकम टैक्स, जेडी वीमेंस कॉलेज होते हुए दोबारा इस्कॉन मंदिर पहुंची। रथयात्रा से सबसे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भगवान जगन्नाथ की आरती उतारी। इसके बाद रथ के आगे झाड़ू लगाया और भगवान के रथ की रस्सी खींचकर यात्रा की शुरुआत की।
हरे राम-हरे कृष्ण के जयघोष के बीच हजारों श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी समेत राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
https://x.com/ubindianews/status/2077795999192666525
फूलों की वर्षा और देश-विदेश की रंगोली से सजेगा मार्ग
महाप्रभु के स्वागत के लिए रथ यात्रा मार्ग को भव्य तरीके से सजाया गया। रास्ते में जगह-जगह आकर्षक रंगोलियां बनाई गई, जिन्हें तैयार करने के लिए पटना के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों और विदेश से भी कलाकार पहुंचे थे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और भगवान जगन्नाथ के रथ पर लगातार पुष्पवर्षा की। इस रथ यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा अखंड भजन-कीर्तन का गायन किया गया।
रथयात्रा में 35 मोबाइल और दो महिलाओं की चेन चोरी
पटना में इस्कॉन मंदिर से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान चोर गिरोह सक्रिय हो गया। यात्रा में शामिल दो दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन चोरी हो गए, जबकि दो महिलाओं की सोने की चेन भी उड़ा ली गई।
घटना के बाद पीड़ितों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है और रथयात्रा मार्ग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।







