बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बयानबाजी शुरू हो चुकी है। इस बीच जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर में सम्राट सरकार और प्रशांत किशोर के बीच सीधी टक्कर है। प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव है तो ये स्वाभाविक है कि जहां चुनाव है वहां तो घूमिएगा ही। हम तो पिछले तीन साल से बिहार में घूम रहे हैं। अभी बांकीपुर में चुनाव है तो निश्चित रूप से बांकीपुर में घूमेंगे। लोगों से बात करेंगे कि कब तक लालू के डर से भाजपा को, भाजपा के डर से लालू को वोट देने का काम करेंगे। इस परिपाटी से ऊपर उठिए और एक बेहतर व्यक्ति का चुनाव कीजिए।
‘BJP का अहंकार तोड़ना चाहते हैं, तो बदलाव के लिए वोट दें’
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि अगर जनता सम्राट चौधरी का शासन बदलना चाहते हैं और बीजेपी का अहंकार तोड़ना चाहते हैं, तो उन्हें इस बार बदलाव के लिए वोट देना चाहिए। यह सम्राट सरकार और प्रशांत किशोर के बीच सीधी टक्कर है। यह चुनाव पार्टी, जाति और धर्म से ऊपर है। बांकीपुर के वोटरों को यह तय करना होगा कि वे सम्राट चौधरी जैसा मुख्यमंत्री चाहते हैं या प्रशांत किशोर जैसा बेहतर व्यक्ति जो उनका प्रतिनिधित्व करे।, बता दें, बांकीपुर की जनता सरकार के साथ ही रहती है। केवल एक चुनाव में जिस पार्टी की सत्ता थी, उस पार्टी के विधायक को यहां हार मिली थी।
बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने की पदयात्रा
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर पटना बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा की। पदयात्रा बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 35 और 29 में निकाली गई, जिसके दौरान किशोर ने स्थानीय लोगों से बातचीत की।
बीजेपी ने स्थानीय कार्यकर्ता अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया है, इस पर प्रशांत किशोर ने कहा, ‘लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक दल को अपना उम्मीदवार उतारने का अधिकार है। यह उनका आंतरिक मामला है।’ इस बीच प्रशांत किशोर ने इलाके में एक युवक के कथित अपहरण के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों से भी मुलाकात की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर रखी थी। यह मामला जक्कनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां बंटी नामक एक व्यक्ति का कुछ दिन पहले कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था। किशोर ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि यदि निर्धारित समय के भीतर मामले का खुलासा नहीं हुआ तो वह फिर आएंगे और स्थिति का जायजा लेंगे।







