पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके से शुरू हुआ फैजल खान (खान सर) और रौशन आनंद के बीच का विवाद अब महज दो शिक्षकों की व्यावसायिक लड़ाई नहीं रह गया है।
रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत और इस मामले में खान पर लगे गंभीर आरोपों के बाद यह पूरा घटनाक्रम बिहार की राजनीति और जातिगत समीकरणों खासकर MY (मुस्लिम-यादव) समीकरण के केंद्र में आ गया है।
खान-रौशन की लड़ाई में क्या MY समीकरण दरक गया है? विवाद को NDA समर्थक क्या हवा दे रहे हैं। जानेंगे, आज के एक्सप्लेनर बूझे की नाही में…
क्या खान-रौशन की लड़ाई में ‘MY समीकरण’ दरक गया है?
ग्राउंड लेवल और सोशल मीडिया पर यह लड़ाई पूरी तरह मुस्लिम बनाम यादव के नैरेटिव में बदलती दिख रही है। यादव समाज के युवा और कई संगठन रौशन आनंद के समर्थन में उतर आए हैं और खान के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं।
इससे मुस्लिम-यादव की राजनीति करने वाले नेताओं तेजस्वी यादव, पप्पू यादव की मुश्किलें बढ़ गई है। दोनों नेता अपनी-अपनी स्ट्रेटजी अपना रहे हैं…
तेजस्वी हमला तो कर रहे, लेकिन बिना नाम लिए
RJD नेता और प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव इस विवाद में बेहद फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर इस पूरे मामले की CBI जांच की मांग की है। हालांकि, उनके रुख में एक गहरी राजनीतिक मजबूरी साफ झलकती है।
- तेजस्वी यादव खुलकर न तो खान पर सीधा हमला कर रहे हैं और न ही रौशन आनंद के आरोपों को खारिज कर रहे हैं। वजह साफ है-अगर वे खान पर सीधे हमलावर होते हैं, तो मुस्लिम समुदाय में गलत संदेश जा सकता है और अगर वे चुप रहते हैं, तो उनका कोर ‘यादव’ वोटबैंक नाराज हो सकता है, जो प्रिंस यादव की मौत को लेकर बेहद गुस्से में है।
- यही कारण है कि तेजस्वी ने सीधे तौर पर खान का नाम लिए बिना पूरे सिस्टम, कोचिंग माफिया और प्रशासन पर हमला बोला है। उन्होंने मामला CBI को सौंपने की मांग की ताकि गेंद पूरी तरह से राज्य की NDA सरकार के पाले में चली जाए और RJD पर किसी एकतरफा समर्थन का आरोप न लगे।
पप्पू यादव दोनों तरफ से कर रहे बैटिंग
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव इस पूरे विवाद में अपनी न्यूट्रल छवि को भुनाने की कोशिश कर रहे हैं। वे इस मामले में दोनों तरफ से बैटिंग करते हुए खुद को एक बड़े मध्यस्थ के रूप में पेश कर रहे हैं।
- पप्पू यादव ने कहा कि खान को बदनाम करने के लिए कुछ कोचिंग संस्थान और यूट्यूबर्स साजिश रच रहे हैं। उन्होंने खान को ‘बड़ा दिल’ दिखाने की सलाह दी।
- वहीं, दूसरी तरफ उन्होंने रौशन आनंद को जेल भेजे जाने को गलत बताया। पप्पू यादव ने कहा- ‘न कहीं रौशन थे, न खान गोली चलाने में शामिल थे, यह सब अहंकार की लड़ाई है।’
- पप्पू यादव दोनों को अपने दिल का टुकड़ा बता रहे हैं ताकि वे मुस्लिम और यादव दोनों ही वर्गों के बीच अपनी पकड़ और लोकप्रियता को बनाए रख सकें और किसी एक पक्ष के विरोधी न दिखें।
खान-रौशन की लड़ाई से किसको राजनीतिक फायदा
सोशल मीडिया (X, फेसबुक, यूट्यूब) पर NDA की तरफ झुकाव रखने वाले कुछ लोगों, यूट्यूबर्स और सवर्ण/यादव समाज के एक्टिविस्ट्स के पोस्ट में एक खास तरह की लामबंदी और नैरेटिव साफ देखा जा सकता है।
- कुछ लोग इस बात को उछाल रहे हैं कि फैजल खान को प्रशासन और सरकार के कुछ धड़ों से विशेष संरक्षण मिल रहा है, जबकि एक पीड़ित यादव को प्रताड़ित किया जा रहा है।
- वहीं, कुछ NDA के कट्टर समर्थकों के पोस्ट में खान के मूल नाम फैजल खान को बार-बार रेखांकित करके इसे मुस्लिम बनाम हिंदू या ‘मुस्लिम बनाम यादव’ का रूप देने का प्रयास किया गया, ताकि युवाओं के बीच खान सर की धर्मनिरपेक्ष छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।
1. MY (मुस्लिम-यादव) समीकरण में सेंधमारी
1990 के बाद से अब तक राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ MY वोट बैंक अटूट रहा है। अगर रौशन आनंद और उनके दिवंगत भाई प्रिंस यादव को पीड़ित और फैजल खान को आरोपी के रूप में मजबूती से स्थापित कर दिया जाए, तो ग्राउंड लेवल पर दोनों समुदायों के युवाओं के बीच कटुता बढ़ेगी।
- यह कटुता सीधे तौर पर लालू-तेजस्वी के MY समीकरण को कमजोर करेगी, जिसका सीधा चुनावी लाभ विरोधी को मिल सकता है।
- जमीन पर लोगों की नाराजगी बढ़ने का संकेत विधायक IP गुप्ता के साथ हुई घटना से भी मिलता है। वह प्रिंस यादव की मौत के बाद परिवार से मिलने और संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। तब युवक भड़क गए। बोलने लगे-आपको आने में इतने दिन लग गए। जाइए यहां से।
- सोशल मीडिया पर एक मैसेज तेजी से फैला। जिसमें लिखा गया था- ‘यादव समाज के सीधे-साधे शिक्षक को पटना का कोचिंग सिंडिकेट बर्बाद कर रहा है। प्रिंस यादव की नेपाल में हत्या कर दी गई और RJD के नेता वोट बैंक के चक्कर में चुप हैं। अब हिंदू युवाओं को जागना होगा।’
2. खान की राष्ट्रवादी छवि ध्वस्त होगी
- खान की लोकप्रियता केवल मुस्लिमों में नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में हिंदू और NDA समर्थक युवाओं में भी है क्योंकि वे अक्सर प्रखर राष्ट्रवादी बातें करते हैं।
- कुछ लोगों को लगता है कि खान का यह कद NDA के अपने नैरेटिव को प्रभावित करता है। इसलिए इस विवाद के बहाने उनके नाम और पृष्ठभूमि को विवादित बनाकर उनकी इस सर्वस्वीकार्य छवि को डेंट करने की रणनीति चली जा रही है।
- खान की छवि पर भाजपा समर्थक लगातार हमला कर रहे हैं। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू ने तो खान को बड़ा फ्रॉड बताया है।







