पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नई टीम तैयार हो गई. एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में कुल 32 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली. इसमें बीजेपी कोटे से 15 और जेडीयू कोटे से 13 नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया. इसके अलावा सहयोगी दलों के नेताओं को भी जगह दी गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ. नए मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को मौका मिला है, जबकि सामाजिक और जातीय संतुलन साधने पर भी विशेष जोर दिया गया है.
जातीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश
बिहार में भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार के नए मंत्रिमंडल में जातीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है.
सम्राट सरकार में रामचंद्र प्रसाद (तेली, अति पिछड़ा), नंद किशोर राम (रविदास, दलित), श्रेयसी सिंह (राजपूत, सवर्ण), विजय कुमार सिन्हा (भूमिहार, सवर्ण), दिलीप जायसवाल (कलवार, वैश्य, पिछड़ा), रामकृपाल यादव (यादव, पिछड़ा), संजय टाइगर (राजपूत, सवर्ण), ई कुमार शैलेन्द्र (भूमिहार, सवर्ण), अरुण शंकर प्रसाद (सूड़ी, वैश्य, पिछड़ा), मिथलेश तिवारी (ब्राह्मण, सवर्ण), रमा निषाद (मल्लाह, अति पिछड़ा), केदार गुप्ता (कानू, वैश्य, अति पिछड़ा), नीतीश मिश्रा (ब्राह्मण, सवर्ण), प्रमोद चंद्रवंशी (चंद्रवंशी, अति पिछड़ा) और लखेंद्र पासवान (पासवान, दलित) को जगह दी गई है.
राजद का सरकार पर हमला
राष्ट्रीय जनता दल ने बिहार सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि कामचोर और नाकारी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पूरे पटना शहर को बंद कर दिया गया है! जो 5 साल देश के सबसे गरीब राज्य की जनता को चूसकर अपना घर भरेंगे, वो सभी नाकारे भ्रष्ट “महाराज” शपथ ले रहे हैं और बेचारी “प्रजा”, जिसे बताया जाता है कि यह राजतंत्र नहीं उनका लोकतंत्र है, वह सड़कों पर धीरे धीरे रेंग रही है, महाराज के अहंकार को झेल रही है! 5 साल की सुनिश्चित अनदेखी के लिए खुद को तैयार कर रही है!
कामचोर और नाकारी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पूरे पटना शहर को बंद कर दिया गया है!
जो 5 साल देश के सबसे गरीब राज्य की जनता को चूसकर अपना घर भरेंगे, वो सभी नाकारे भ्रष्ट “महाराज” शपथ ले रहे हैं और बेचारी “प्रजा”, जिसे बताया जाता है कि यह राजतंत्र नहीं उनका लोकतंत्र है, वह…
रोहिणी आचार्य का निशाना, निशांत कुमार की मंत्री एंट्री पर उठाए सवाल
रोहिणी आचार्य ने निशांत कुमार को बिना चुनाव लड़े मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि “चोर दरवाजे से शॉर्टकट एंट्री” पाने के लिए निशांत को बधाई और शुभकामनाएं। रोहिणी आचार्य ने आगे “स्वयंभू नैतिक पुरुष” कहकर चाचा जी (नीतीश कुमार) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “2005 से पहले ऐसा नहीं होता था, चाचा रंगबदलू जी।”
निशांत कुमार का बड़ा बयान
बिहार मंत्रिमंडल विस्तार: नव नियुक्त मंत्री निशांत कुमार ने कहा, “मैं अपने पिता के सिद्धांतों के अनुसार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में काम करूंगा. पार्टी नेतृत्व द्वारा मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा और विकास की प्रक्रिया जारी रहेगी.”
मंत्री बनने के बाद नीतीश मिश्रा का बड़ा बयान
बिहार मंत्रिमंडल विस्तार: शपथ ग्रहण के बाद झंझारपुर विधायक नीतीश मिश्रा ने कहा, “मैं अपने नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करता हूं और मुख्यमंत्री को एक बार फिर मंत्रिपरिषद में सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद देता हूं. बिहार की जनता और राज्य की प्रगति के लिए काम करने का एक और मौका मिलने पर मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं. मैं अपनी पूरी क्षमता से बिहार के विकास में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हूं.”
बिहार शपथ ग्रहण समारोप पर जिबेश कुमार
बिहार के विधायक जिबेश कुमार ने कहा, “यह खुशी की बात है कि सम्राट चौधरी ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया. यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री मोदी भी इस अवसर पर उपस्थित थे.”
‘तेज हुई बिहार विकास की गति’- नित्यानंद राय
केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, “आज बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है. मैं आज शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को बधाई देना चाहता हूं. बिहार ने अपने विकास की गति तेज कर दी है. यह अत्यंत गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी भी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे.”
नंदकिशोर राम पहली बार बने मंत्री
बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में रामनगर-2 (बगहा) विधानसभा क्षेत्र के विधायक नंदकिशोर राम ने मंत्री पद की शपथ ले ली. पहली बार मंत्री बने नंदकिशोर राम के शपथ ग्रहण के बाद उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. बगहा और पश्चिम चंपारण इलाके में समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया. केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने इसे बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है. सतीश चन्द्र दुबे ने कहा कि नंदकिशोर राम समेत कई नेताओं को सरकार में जिम्मेदारी देकर संगठन ने कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है. नंदकिशोर राम के मंत्री बनने से रामनगर-2 विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है.
जदयू की वरिष्ठ नेता श्वेता गुप्ता पहली बार बनीं मंत्री
बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में जदयू की वरिष्ठ नेता श्वेता गुप्ता को पहली बार मंत्री बनाया गया है. मंत्री पद की शपथ लेने के बाद श्वेता गुप्ता काफी उत्साहित नजर आईं. उन्होंने पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी. श्वेता गुप्ता के मंत्री बनने की खबर के बाद उनके समर्थकों और जदयू कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है. समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी जाहिर की. राजनीतिक जानकार इसे महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं. बिहार में हुए इस मंत्रिमंडल विस्तार को सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
कुछ ही देर में दिल्ली रवाना होंगे पीएम नरेंद्र मोदी
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार समारोह पूरा हो गया. शपथ ग्रहण समारोह के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के संगठन महामंत्री बीएल संतोष, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होटल मौर्य पहुंचे. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पटना एयरपोर्ट पहुंच गए हैं और कुछ देर में दिल्ली के लिए रवाना होंगे. इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं. वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.







