आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार की रात दिल्ली एम्स (AIIMS) में एडमिट करा दिया गया है. दिल्ली एम्स में डॉक्टर राकेश यादव की देख रेख में लालू प्रसाद यादव का इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार लालू यादव को एम्स के Cardiothoracic and Neurosciences Centre विभाग में भर्ती किया गया है. बताया जा रहा है कि लालू यादव को पीठ में गंभीर सूजन और कई तरह की परेशानी थी, जिसके बाद उन्हें आननफानन में पटना से दिल्ली ले जाया गया, जहां एम्स में लालू यादव का इलाज चल रहा है.
दिल्ली एम्स के डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल लालू यादव की हालत स्थिर है. अभी कुछ लालू यादव दिल्ली एम्स में ही एडमिट रहेंगे. एम्स के डॉक्टर लगातार लालू प्रसाद यादव की सेहत पर नजरें बनाए हुए हैं. जानकारी के अनुसार लालू यादव के साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी, आरजेडी नेता संजय यादव, मनोज झा, प्रेम चंद गुप्ता, जय प्रकाश नारायण यादव, भोला यादव समेत कई नेता दिल्ली एम्स में मौजूद हैं. एम्स के डॉक्टर लगातार लालू यादव की निगरानी कर रहे हैं.
राबड़ी आवास में मच गयी थी गहमागहमी
वहीं इससे पहले बुधवार की सुबह लालू यादव की तबीयत बिगड़ने की खबर आते ही राबड़ी आवास में गहमागहमी का माहौल बन गया. लालू यादव की सेहत की देखभाल दिनभर तो घर में ही की गयी. लेकिन, शाम में पटना एयरपोर्ट जाने से पहले पारस हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य की जांच की. पारस हॉस्पिटल से जांच कराने के बाद लालू यादव पहले राबड़ी आवास गए और फिर उसके कुछ देर बाद लालू यादव दिल्ली के लिए रवाना हुए. सूत्रों के अनुसार लालू यादव की पीठ में गंभीर सूजन की वजह उन्हें काफी परेशानी हो रही है.
लालू यादव करवा चुके हैं किडनी ट्रांसप्लांट
परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, लालू प्रसाद यादव की सेहत में अचानक गिरावट आई, जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें इलाज के दिल्ली ले जाया गया. डॉक्टर लगातार लालू यादव की सेहत की निगरानी कर रहे हैं. बता दें, लालू यादव किडनी, हृदय और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं. लालू यादव ने सिंगापुर में अपना किडनी ट्रांसप्लांट करवाया था. हाल ही में उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ था. लेकिन, फिर से उनकी तबीयत बिगड़ गयी है.







