दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव का रिजल्ट कल यानी शनिवार, 8 फरवरी को घोषित कर दिया गया। 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की वापसी हुई है और पार्टी ने 70 में से 48 सीटें हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की है। सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। आप की हार के बाद मुख्यमंत्री आतिशी ने आज सुबह 11 बजे अपना इस्तीफा दिल्ली के राज्यपाल को सौंप दिया है। इसी के साथ एलजी ने पिछली विधानसभा को भंग करने की अधिसूचना जारी कर दी है. इस अधिसूचना के साथ नई विधानसभा के गठन का रास्ता साफ हो गया है. नई विधानसभा के गठन के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया भी शुरू होगी।
आम आदमी पार्टी के सभी दिग्गज नेता चुनाव हार गए हैं और आतिशी ने कालकाजी सीट से जीत दर्ज की है। दिल्ली की सीएम आतिशी अपने आवास से निकलीं और फिर राजनिवास जाकर उन्होंने अपना इस्तीफा एलजी को सौंप दिया।
आतिशी ने रमेश बिधूड़ी को 3500 से ज्यादा वोटों से हराया
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में आम आदमी पार्टी की प्रमुख नेता आतिशी ने कालकाजी विधानसभा सीट पर अपनी जीत दर्ज की है. इस जीत से पार्टी को बीजेपी बहुमत वाली विधानसभा में अपनी आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का मौका मिलेगा.
आतिशी ने बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को 3500 से ज्यादा वोटों से हराया है. आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेता चुनाव हार गए. अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से हार गए हैं. मनीष सिसोदिया को भी जंगपुरा सीट से हार का सामना करना पड़ा है. सौरभ भारद्वाज भी ग्रेटर कैलाश से चुनाव हार गए.
AAP के तीन मंत्री जीते
पार्टी के तीन मंत्री चुनाव जीतने में सफल रहे हैं. AAP सरकार में मंत्री रहे गोपाल राय, मुकेश अहलावत और इमरान हुसैन ने अपनी सीटों से जीत दर्ज की है. गोपाल राय ने बाबरपुर से 18,994 वोटों से, मुकेश अहलावत ने सुल्तानपुर माजरा से 17,126 वोटों से और इमरान हुसैन ने बल्लीमारान से 29,823 वोटों से जीत हासिल की.
दिल्ली विधान सभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद, बीजेपी का आलाकमान मुख्यमंत्री के चेहरे पर विचार कर रहा है। इसके लिए जल्द ही विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। लेकिन जो नाम सीएम पद के लिए रेस में आगे चल रहे हैं उनमें पहला नाम प्रवेश वर्मा का है, क्योंकि उन्होंने ही नई दिल्ली की सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया है। लेकिन अगर बीजेपी किसी सिख चेहरे को प्रोमोट करती है तो मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम सामने आ रहा है। वहीं वीरेन्द्र सचदेवा का नाम भी मुख्यमंत्री के रेस में है।
ये नेता बन सकते हैं कैबिनेट मंत्री
पूर्वांचल को साधने के लिए भाजपा नेता कपिल मिश्रा को दिल्ली की नई कैबिनेट में मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, एक महिला भी दिल्ली सरकार में मंत्री बनेंगी तो ऐसे में रेखा गुप्ता के नाम पर विचार किया जा रहा है। सीएम और मंत्रियों के नाम तय करने के लिए आज भी बैठकों का दौर जारी रहेगा। जनकपुरी से विधायक और भाजपा के पदाधिकारी आशीष सूद का नाम भी मंत्री पद के लिए लिया जा रहा है।







