आज से पेरिस पैरालंपिक की शुरुआत हो रही है. कुल 84 भारतीय एथलीटों का दल इस इवेंट शामिल हुआ है. भारत को यहां से बड़ी संख्या में मेडल की उम्मीद है. ओलंपिक 2024 की मेजबानी के बाद पेरिस पैरालंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है। आज इस टूर्नामेंट का आगाज होगा। पेरिस पैरालंपिक के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल के 100 से अधिक सदस्य भाग लेंगे। इनमें 52 खिलाड़ी शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि खेलों के इतिहास में उद्घाटन समारोह पहली बार स्टेडियम से बाहर आयोजित होगा। वहीं, जिन खिलाड़ियों की गुरुवार को प्रतियोगिताएं हैं, वे देशों की परेड का हिस्सा नहीं बनेंगे। इनमें 10 सदस्यीय निशानेबाजी दल शामिल है।
झाझरिया का बयान
भारतीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने कहा- जिन खिलाड़ियों की 29 अगस्त को स्पर्धाएं हैं,वे उद्घाटन समारोह में भाग नहीं लेंगे। निशानेबाजी टीम देशों की परेड में भाग नहीं लेगी। देशों की परेड में भारत के 106 सदस्य हिस्सा लेंगे जिनमें 52 खिलाड़ी और 54 अधिकारी हैं।
भालाफेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल (एफ 64) और शॉटपुट खिलाड़ी भाग्यश्री जाधव ( एफ34) भारत के संयुक्त ध्वजवाहक होंगे। उद्घाटन समारोह चैंप्स एलिसीस और प्लेस डे ला कोंकोर्ड में आयोजित होगा। भारत ने पेरिस पैरालंपिक में रिकॉर्ड 84 सदस्यीय दल भेजा है।







