बिहार में भीषण गर्मी कहर बरपा रही है. बुधवार को 16 से अधिक जिलों में लू की स्थिति रही. इनमें 6 जिले तो सीवियर हीट वेव की जद में थे. विशेषकर दक्षिण बिहार के जिलों में आसमान से आग बरसती रही. औरंगाबाद का तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. गया का पारा भी 47 डिग्री सेल्सियस के पार रहा. रोहतास, कैमूर, बक्सर और अरवल जैसे जिलों में टेंपरेचर इतना हाई हो गया कि लोग हीट स्ट्रोक के शिकार होने लगे. अलग-अलग जिलों से कई मौत की खबरें आईं. वहीं, मौसम विभाग ने आज फिर औरंगाबाद, अरवल, पटना, भोजपुर, रोहतास, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, बक्सर और कैमूर सहित 14 जिलों में लू को लेकर भी अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही खगड़िया, मुंगेर, जमुई, भागलपुर, बांका, सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
बता दें कि गुरुवार को औरंगाबाद और बक्सर जिलों में सीवर हीट वेव यानी भीषण उष्ण लहर की स्थिति रही. वहीं, गया, डेहरी और विक्रमगंड (रोहतास), मोतिहारी (पूर्वी चंपारण), गोपालगंज, भोजपुर, नवादा, राजगीर (नालंदा) अरवल और वैशाली जिलों में तापमान 42 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. जबकि, पटना, वाल्मीकि नगर (पश्चिमी चंपारण), छपरा, शेखपुरा और जमुई जिलों में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा.
गुरुवार को सर्वाधिक तापमान बक्सर में 47.01 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. वहीं, औरंगाबाद में बुधवार के 48.2 के मुकाबले गिरावट हुई और 46.01 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसके बाद रोहतास के डेहरी में 46 डिग्री, अरवल में 44.8 डिग्री, भोजपुर में 44.01 डिग्री,रोहतास के बिक्रमगंज में 43.9 डिग्री, नवादा में 43.9 डिग्री, वैशाली में 42.6 डिग्री, मोतिहारी में 42.5 डिग्री, नालंदा के राजगीर में 42.5 डिग्री और गोपालगंज में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया.
जिला अधिकतम तापमान
बक्सर 47.01 डिग्री सेल्सियस
औरंगाबाद 46.01 डिग्री सेल्सियस
रोहतास डेहरी 46 डिग्री सेल्सियस
अरवल 44.8 डिग्री सेल्सियस
भोजपुर 44.01 डिग्री सेल्सियस
रोहतास बिक्रमगंज 43.9 डिग्री सेल्सियस
नवादा 43.9 डिग्री सेल्सियस
वैशाली 42.6 डिग्री सेल्सियस
मोतिहारी 42.5 डिग्री सेल्सियस
नालंदा राजगीर 42.5 डिग्री सेल्सियस
गोपालगंज 42.2 डिग्री सेल्सियस
बता दें कि राज्य में हीट वेव के कारण लोग हीट स्ट्रोक के शिकार हो रहे हैं. खास तौर पर चुनाव कार्य में लगे कर्मी इसके शिकार हो रहे हैं. गुरुवार को ही 6 कर्मियों की मौत खबर आई. इनमें छपरा में दो कर्मियों की मौत हो गई. भोजपुर जिले में भी चुनाव कार्य में लगे तीन कर्मी हीट वेव के शिकार हो गए. कैमूर जिले में चुनाव ड्यूटी में लगे एक कर्मी सहित 4 लोगों की लू की चपेट में आने से हुई मौत. गुरुवार को ही हीट स्ट्रोक से मौत का आंकड़ा 20 के पार बताया जा रहा है. इसी बीच कई जिलों में लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं.







