आज सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होगी। मीटिंग सुबह 11.30 बजे शुरू होगी। जिसमें डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ सभी मंत्री मौजूद रहेंगे।
साल 2023 के अंतिम कैबिनेट की बैठक में भी नियोजित शिक्षकों का तबादला और राज्य कर्मी का दर्जा मिलता हुआ नहीं दिख रहा है। नियोजित शिक्षकों को इसका इंतजार ही रह गया।
सूत्रों की मानें तो विभागों के राशि आवंटन और खर्च को लेकर फैसले लिए जा सकेंगे। अनुदान राशि आदि दिए जाने पर फैसला हो सकता है। जन-सरोकार और कर्मचारियों से जुड़े फैसले भी लिए जा सकते हैं।
21 दिनों बाद हो रहा है कैबिनेट मीटिंग
इससे पहले 5 दिसंबर को नीतीश कैबिनेट की मीटिंग हुई थी। जिसमें दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीदी पर टैक्स में 50% से 75% छूट का फैसला लिया गया था। चार पहिया वाहनों पर डेढ़ लाख रुपए तक की सब्सिडी दी जाएगी। सरकारी संस्थानों में चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा।
दो पहिया वाहन पर भी टैक्स में 50% छूट दी गई थी। पहले दस हजार वाहनों के लिए पांच हजार रुपए की सब्सिडी और एससी वर्ग को 75 सौ रुपए की सब्सिडी मिलेगी। पहले दस हजार वाहनों पर टैक्स में 75 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
तीन पहिया यात्री वाहन और माल वाहक गाड़ियों पर टैक्स में 50 फीसदी की छूट दी गई थी। चार पहिया वाहन पर अधिकतम 1.50 लाख रुपए तक सब्सिडी की घोषणा हुई थी। पहले दस हजार वाहनों पर 75 फीसदी टैक्स में राहत दी गई।







