उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बस कंडक्टर पर जानलेवा हमला करने वाले मुस्लिम युवक लारैब हाशमी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने स्पष्ट कहा है कि उसे पुलिस या सरकार से इंसाफ की उम्मीद नहीं थी इसलिए उसने कंडक्टर को चापड़ से मारा. खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद हाशमी ने वीडियो बनाते हुए कहा था कि हुकूमत मोदी की हो या योगी की, हमारे दिलों पर राज सिर्फ मुस्तफा का चलता है. इस दौरान उसने ‘लब्बैक’ शब्द का कई बार इस्तेमाल किया. सूत्रों के मुताबिक यह ‘लब्बैक’ कोडवर्ड भी हो सकता है.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में इलेक्ट्रिक सिटी बस के कंडक्टर हरिकेश विश्वकर्मा पर जानलेवा हमले के मामले की जांच कर रही एटीएस की टीम ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. एटीएस का कहना है कि आरोपी लारेब हाशमी ने बस कंडक्टर पर लोन वुल्फ अटैक किया था. लारेब हाशमी बीटेक का छात्र है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लोन वुल्फ अटैक की ट्रेनिंग आतंकी संगठन प्रशिक्षण के दौरान आतंकियों को देते हैं. इसमें हमलावर भीड़ भाड़ वाले इलाके, मार्केट जैसी जगहों पर अकेले ही घुस जाता है और हमला करता है. क्या लारेब को लोन वुल्फ अटैक की ट्रैनिंग दी गई या फिर वो सेल्फ रेडिकलाइस है, इन दोनों ही एंगल की एटीएस जांच कर रही है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब वे साफ हो चुका है कि लारेब का कंडक्टर पर हमला कोई पुराना टिकट को लेकर पैसों का विवाद नहीं है, बल्कि लारेब कट्टरपंथ और जिहाद के रास्ते पर था. लारेब ने ट्रेंड आतंकी की तरफ इस लोन वुल्फ अटैक को अंजाम दिया. लारेब की इंटरनेट हिस्ट्री से साफ है कि वो पाकिस्तानी मौलवी रिजवी, कट्टरपंथियों की तकरीरें, जिहाद से जुड़े आर्टिकल, तालिबान के नरसंहार करने वाले वीडियो, इजरायल फिलिस्तीन से जुड़े वीडियो लगातार सर्च करता और देखता था.
लारेब का मोबाइल, लैपटॉप और 3 डायरी खोलेगी आतंकी कनेक्शन के राज
पुलिस अब लारेब के मोबाइल और लैपटॉप की फोरेंसिक जांच तो करवा ही रही है. साथ ही लारेब की ट्रेवल हिस्ट्री की भी पड़ताल कर रही है कि वो पिछले कुछ समय में किस-किस से मिलता था, कहां-कहां गया. कहीं इस पूरे मामले के तार उदयपुर कन्हैया कांड से ही तो नहीं जुड़े हैं या फिर किसी आतंकी संगठन ने लारेब को रेडिकलाइस किया है.
माफिया अतीक अहमद का फैन है लारेब हाशमी
लारेब हाशमी ने पुलिस हिरासत में बताया कि वह बाहुबली माफिया अतीक अहमद का फैन है. लारेब अतीक की तरह दबंग और बड़ा आदमी बनना चाहता है ताकि उसका भी नाम हो. इसी वजह से उसने अतीक की तरह सिर पर सफेद साफा बांधना शुरू कर दिया है. लारेब ने बताया कि अतीक की मौत पर भी वह काफी दुखी हुआ था. उसने यह भी कहा कि उसको पुलिस पर भरोसा नहीं और उसने अपना बदला पूरा कर लिया. अब वह सुकून से सो सकेगा.
लारैब ने हरिकेश पर हमला करने के बाद भागते हुए वीडियो बनाया था. इस वीडियो मे उसने “लब्बैक” के नारे लगाए थे. आरोपी ने धार्मिक शब्दों का भी इस्तेमाल किया था. पुलिस लारैब के शब्दों को हर एंगल से खंगाल रही है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि लारैब द्वारा इस्तेमाल किया गया शब्द ‘लब्बैक’ कोडवर्ड भी हो सकता है. कई बार देखा गया है कि आतंकी वारदात को अंजाम देने के बाद अपने बॉस को मैसेज देने के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं. ‘लब्बैक’ के मतलब की बात करें तो यह एक अरबी शब्द है. हज पर भी लब्बैक शब्द का इस्तेमाल होता है. जवाब देने के लिए भी इस शब्द का इस्तेमाल होता है.
जानलेवा हमले से जुड़े 10 बड़े अपडेट
- आरोपी इंजीनियरिंग छात्र लारेब हाशमी के घर से डेस्कटॉप, चिप, पेन ड्राइव, तीन डायरी, दो मोबाइल, बैंक खातों की डिटेल्स बरामद.
- अभी तक सीधे तौर पर किसी संगठन से जुड़े होने के सबूत नहीं मिले.
- यू ट्यूब पर तकरीर और जिहाद के वीडियो खूब देखता था. हमास इजराइल के युद्ध के भी तमाम वीडियो देखे हैं. अतीक का वीडियो भी देखा है.
- लारैब हाशमी के तीन करीबी दोस्तों से भी पूछताछ की गई. इनके मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं.
- लारैब के पिता का पोल्ट्री फार्म है. इसी पोल्ट्री फार्म से उसने चापड़ लिया था.
- लारैब का परिवार पहले दिल्ली की पंजाबी कालोनी में रहता था. बाद में प्रयागराज के सोरांव इलाके के हाजीगंज गांव में शिफ्ट हो गया था.
- ATS की टीम ने आरोपी छात्र से अस्पताल में लंबी पूछताछ की है.
- महज आठ रुपए के लेन देन को लेकर हुआ था बस कंडक्टर से विवाद.
- घायल बस कंडक्टर की हालत में तेजी से सुधार.
- लारैब ने रिकार्ड किया हुआ वीडियो सबसे पहले अपने कालेज के साथियों को भेजा था.







