राजस्थान की 199 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के अनुसार राजस्थान में दोपहर 3 बजे तक 55.63 प्रतिशत मतदान हुआ है। शहरों से लेकर गांवों के बूथों तक मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित कांग्रेस और भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने सुबह-सवेरे ही मतदान किया। वोटिंग डे पर गहलोत ने कहा कि – ‘कांग्रेस की जीत के बाद अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह आलाकमान मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी तय करेंगे। पार्टी जो भूमिका तय करेगी, वह मंजूर होगी।’
वहीं, सचिन पायलट ने कहा कि हर व्यक्ति यहां चुनाव लड़ रहा है। कोई भी एक चुनाव न तो लड़वा सकता है और न जितवा सकता है और न हरवा सकता है। वसुंधरा राजे ने झालावाड़ में वोट डालने के बाद कहा कि सभी मतदान जरूर करें। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी जयपुर के सी स्कीम में वोट डाला।
इधर सीकर, श्रीगंगानगर जिलों के कई बूथों पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान में देरी हुई। वहीं, चूरू के सरदारशहर के एक बूथ पर कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प भी हुई है।
इस चुनाव में कुल 1863 प्रत्याशी मैदान में हैं। उनकी किस्मत का फैसला प्रदेश के 5 करोड़ 26 लाख 90 हजार 146 मतदाता करेंगे। वोटिंग शाम छह बजे तक होगी। नतीजे तीन दिसंबर को आएंगे।
राजस्थान के प्रमुख 8 जिलों में 11 बजे तक वोटिंग पर्सेंटेज
| जिले | वोटिंग प्रतिशत |
| जयपुर | 25.19 |
| जोधपुर | 22.58 |
| अलवर | 26.15 |
| सीकर | 25.02 |
| उदयपुर | 21.07 |
| कोटा | 26.97 |
| बीकानेर | 24.52 |
| अजमेर | 23.43 |
वोटिंग के बड़े अपडेट्स…
- सबसे कम, सबसे ज्यादा वोटिंग: सुबह 9 बजे तक सबसे ज्यादा वोटिंग बारां जिले में 12.97 फीसदी हुई। वहीं, सबसे कम मतदान पाली जिले में 8.35 प्रतिशत हुआ है। राजस्थान में सुबह 9 बजे तक कुल 9.77 फीसदी मतदान हुआ है।
- किस्मत में जो लिखा, कोई छीन नहीं सकता: सचिन पायलट ने सीएम नहीं बनने के सवाल पर कहा कि किस्मत में जो लिखा है, उसे कोई छीन नहीं सकता और जो नहीं लिखा है उसे कोई दे नहीं सकता। पार्टी की विचारधारा सबसे आगे है। हर व्यक्ति यहां चुनाव लड़ रहा है। कोई भी एक चुनाव न तो लड़वा सकता है और न जितवा सकता है और न हरवा सकता है।
- मारपीट, वोटिंग में देरी: चूरू जिले के सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र के अंजूमन स्कूल में बने मतदान केंद्र के बूथ नंबर 130-131 पर मारपीट का मामला सामने आया है। पार्षद प्रतिनिधि आसिफ खोखर का आरोप है कि उन पर 5-7 लोगों ने हमला किया है। वहीं, सीकर, श्रीगंगानगर के कई बूथों पर ईवीएम में आई खराबी के कारण मतदान में देरी हुई।
CM गहलोत ने सरदारपुरा में डाला वोट
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके बेटे वैभव गहलोत ने सरदापुरा में वोट डाला। वोट डालने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, “हमारी सरकार दोबारा आ रही है। उनकी(भाजपा) बातों में दम नहीं है। अब ये लोग गायब हो जाएंगे। अब ये 5 साल बाद आएंगे। हम यहीं रहेंगे, जनता के बीच जाएंगे और उनके सुख-दुख की बात करेंगे।”
राजनीतिक दल के एजेंट की मौत
राजस्थान के पाली जिले में एक राजनीतिक दल के एजेंट की शनिवार को मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि एजेंट शांति लाल की संभवत: हृदय गति रुकने के कारण मौत हुई। सुमेरपुर निर्वाचन क्षेत्र में बूथ संख्या 47 पर राजनीतिक दल के एजेंट शांति लाल मतदान केंद्र पर ही गिर गये। शांति लाल को पहले नजदीकी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
‘बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार में आ रही है’
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने परिवार के साथ जोधपुर में वोट डाला। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कि मतदाता राजस्थान में इतिहास रचने के लिए मतदान करेंगे।
राजस्थान का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र
राजस्थान का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र शेरगांव में बनाया गया है, जहां 118 लोग वोट डाल रहे हैं। सिरोही जिले के आबू-पिंडवाड़ा विधानसभा में 4921 फुट की ऊंचाई पर स्थित शेरगांव के वोटर्स इस साल पहली बार अपने ही गांव में वोट डाल पा रहे हैं। ये पोलिंग बूथ माउंटआबू के गुरु शिखर से करीब 18 किलोमीटर दूर है, जहां सिर्फ पैदल ही जाया जा सकता है।
वोटिंग के बीच राहुल गांधी का ट्वीट
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा, ”राजस्थान इस बार मुफ्त इलाज चुनेगा, राजस्थान इस बार सस्ता गैस सिलेंडर चुनेगा, राजस्थान ब्याज मुक्त कृषि कर्ज चुनेगा, राजस्थान अंग्रेज़ी शिक्षा चुनेगा, राजस्थान OPS चुनेगा, राजस्थान जाति जनगणना चुनेगा। उन्होंने कहा, हर व्यक्ति को बड़ी संख्या में जाकर अपने मताधिकार इस्तेमाल करना चाहिए। जनता को हितकारी और गारंटी वाली सरकार चुननी चाहिए।”
PM मोदी ने की वोट डालने की अपील
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया है। 199 सीटों पर वोटिंग हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान मतदान को लेकर कहा, ”राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए आज वोट डाले जाएंगे। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं।”
एक सीट पर नहीं होगा मतदान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता के मुताबिक, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 200 में से 199 विधानसभा सीटों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता के मुताबिक, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 200 में से 199 विधानसभा सीटों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कूनर के निधन की वजह से श्रीगंगानगर करनपुर सीट पर आज मतदान नहीं होगा।
1,863 प्रत्याशी मैदान में
राजस्थान की 199 सीटों पर 1,863 प्रत्याशी मैदान में हैं। 5,26,90,146 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 18-30 आयु वर्ग के 1,70,99,334 युवा मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 18-19 आयु वर्ग के 22,61,008 नए मतदाता शामिल हैं।







